1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. RBI का फैसला आते ही बाजार ने पकड़ी रफ्तार, सेंसेक्स में 783 और निफ्टी में 268 अंकों की जोरदार उछाल

RBI का फैसला आते ही बाजार ने पकड़ी रफ्तार, सेंसेक्स में 783 और निफ्टी में 268 अंकों की जोरदार उछाल

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Jun 06, 2025 12:20 pm IST,  Updated : Jun 06, 2025 12:42 pm IST

भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा रेपो रेट घटाए जाने से खासतौर पर रियल एस्टेट, बैंक और ऑटो कंपनियों के शेयरों में तेजी देखने को मिल रही है।

bse, nse, share market, stock market, rbi, repo rate, retail inflation, sanjay malhotra- India TV Hindi
किस सेक्टर के शेयरों पर दिख रहा है सबसे ज्यादा असर Image Source : FREEPIK

भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को रेपो रेट को 0.5 प्रतिशत घटाकर 6.00 प्रतिशत से 5.50 प्रतिशत कर दिया। आरबीआई ने महंगाई को कंट्रोल में देखते हुए और अर्थव्यस्था को गति देने के लिए ये बड़ा फैसला किया। आरबीआई का ये फैसला आते ही भारतीय शेयर बाजार में जोरदार उछाल आना शुरू हो गया। आज सुबह 11.54 बजे बीएसई सेंसेक्स 783.04 अंकों (0.96%) की जोरदार तेजी के साथ 82,225.08 अंकों पर कारोबार कर रहा था। वहीं दूसरी तरफ, निफ्टी 50 भी 267.50 अंकों (1.08%) की बड़ी बढ़त के साथ 25,018.40 अंकों पर ट्रेड कर रहा था। आरबीआई के फैसले के बाद डीएलएफ, गोदरेज प्रॉपर्टी, ओबरॉय रियल्टी, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक, मारुति सुजुकी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक के शेयरों में तूफानी बढ़त देखने को मिल रही है।

किस सेक्टर के शेयरों पर दिख रहा है सबसे ज्यादा असर

भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा रेपो रेट घटाए जाने से खासतौर पर रियल एस्टेट, बैंक और ऑटो कंपनियों के शेयरों में तेजी देखने को मिल रही है। भारतीय रिजर्व बैंक ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए आर्थिक वृद्धि दर के अनुमान को 6.5 प्रतिशत पर बरकरार रखा है। वहीं चालू वित्त वर्ष में खुदरा महंगाई दर के अनुमान को 4.0 प्रतिशत से घटाकर 3.7 कर दिया गया है। यानी, रिजर्व बैंक को लगता है कि चालू वित्त वर्ष में खुदरा महंगाई में अभी और गिरावट आएगी, जिससे करोड़ों आम लोगों को काफी राहत मिलेगी। आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने मीटिंग के फैसलों का ऐलान करते हुए कहा कि भारत के शुद्ध प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) में गिरावट के बावजूद भारत निवेश के लिए आकर्षक गंतव्य बना हुआ है।

आज बाजार ने कैसे शुरू किया था कारोबार

बताते चलें कि आज बाजार ने लाल निशान में फ्लैट शुरुआत की थी। हफ्ते के आखिरी दिन सेंसेक्स 7.8 अंकों की गिरावट के साथ 81,434.24 अंकों पर और निफ्टी ने 2.2 अंकों के नुकसान के साथ 24,748.70 अंकों पर कारोबार की शुरुआत की थी। लेकिन बाजार खुलने के बाद गिरावट बढ़ती चली गई। एक समय पर सेंसेक्स गिरते-गिरते 81,140.11 अंकों पर आ गा था। इसी तरह, निफ्टी 50 भी आज 24,671.45 अंकों के इंट्राडे लो पर पहुंच गया था। हालांकि, संजय मल्होत्रा की घोषणाओं के बाद बाजार ने रफ्तार पकड़ ली और अभी अच्छी बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा