बीते सोमवार को 10 महीनों में सबसे बुरी गिरावट का सामना करने के बाद अगले दिन यानी मंगलवार को घरेलू शेयर बाजार ने शानदार रिकवर कर ली। बेंचमार्क सेंसेक्स में 1,089 अंकों की जोरदार उछाल देखने को मिली। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1,089. 18 अंक या 1.49 प्रतिशत बढ़कर 74,227. 08 पर बंद हुआ। पीटीआई की खबर के मुताबिक, एनएसई निफ्टी 374. 25 अंक या 1.69 प्रतिशत बढ़कर 22,535.85 के लेवल पर बंद हुआ। 8 अप्रैल को, पावर ग्रिड को छोड़कर सभी सेंसेक्स कंपनियां सकारात्मक क्षेत्र में बंद हुईं। टाइटन, बजाज फाइनेंस, भारतीय स्टेट बैंक, लार्सन एंड टूब्रो, एक्सिस बैंक, बजाज फिनसर्व, एशियन पेंट्स और जोमैटो सबसे अधिक लाभ में रहे।
Related Stories
एफआईआई ने 9,040.01 करोड़ रुपये के शेयर बेचे
एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बीते सोमवार को 9,040.01 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 12,122.45 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
ग्लोबल मार्केट में भी वापसी
सोमवार की गिरावट के बाद ग्लोबल मार्केट में भी वापसी हुई। एशियाई बाजारों में, टोक्यो का निक्केई 225 सूचकांक, हांगकांग का हैंग सेंग, शंघाई एसएसई कंपोजिट सूचकांक और दक्षिण कोरिया का कोस्पी सोमवार को तेज गिरावट के बाद सकारात्मक क्षेत्र में आ गए। निक्केई 225 सूचकांक में 6 प्रतिशत की उछाल आई। यूरोपीय बाजारों में तेजी रही। अमेरिकी बाजार सोमवार को ज्यादातर गिरावट के साथ बंद हुए। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.22 प्रतिशत बढ़कर 64.35 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
जर्मनी का DAX 0.9% बढ़कर 19,975.81 पर पहुंच गया, जबकि पेरिस में CAC 40 1.3% बढ़कर 7,018.79 पर पहुंच गया। ब्रिटेन का FTSE 100 भी 1.3% बढ़कर 7,804.73 पर पहुंच गया। AP के मुताबिक, मंगलवार की सुबह एसएंडपी 500 के फ्यूचर में 1.5% की बढ़ोतरी हुई, जबकि डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज में 1.9% की बढ़ोतरी हुई। टोक्यो में, निक्केई 225 6% से अधिक की बढ़त के साथ 33,012.58 पर बंद हुआ। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.3% बढ़कर 2,334.23 पर पहुंच गया, जबकि ऑस्ट्रेलिया में एसएंडपी/एएसएक्स 200 2.3% बढ़कर 7,510.00 पर पहुंच गया।