1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Stock Market में लगातार दूसरे दिन गिरावट, सेंसेक्स 500 अंक से अधिक लुढ़का, इन शेयरों में बड़ी टूट

Stock Market में लगातार दूसरे दिन गिरावट, सेंसेक्स 500 अंक से अधिक लुढ़का, इन शेयरों में बड़ी टूट

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Jul 12, 2022 04:36 pm IST,  Updated : Jul 12, 2022 04:36 pm IST

में मंगलवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया 15 पैसे टूट गया और 79.60 (अस्थायी) के नए निचले स्तर पर बंद हुआ।

Stock Market - India TV Hindi
Stock Market Image Source : FILE

Highlights

  • 53,886.61 अंक पर बंद हुआ बीएसई सेंसेक्स
  • 16,058.30 अंक पर बंद हुआ एनएसई निफ्टी
  • ब्रेंट क्रूड गिरावट के साथ 104.6 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया

Stock Market में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट रही और वैश्विक बाजारों में बिकवाली के बीच दोनों मानक सूचकांक बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी करीब एक प्रतिशत टूटकर बंद हुए। निवेशक खुदरा मुद्रास्फीति और औद्योगिक उत्पादन (आईआईपी) के आंकड़ों का इंतजार कर रहे हैं। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स गिरावट के साथ खुला और अंत में 508.62 अंक यानी 0.94 प्रतिशत लुढ़ककर 53,886.61 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान इसमें 570.26 अंक तक की गिरावट आई। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 157.70 अंक यानी 0.97 प्रतिशत की गिरावट के साथ 16,058.30 अंक पर बंद हुआ। 

इन शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट 

सेंसेक्स के शेयरों में इन्फोसिस, नेस्ले इंडिया, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, हिंदुस्तान यूनिलीवर, महिंद्रा एंड महिंद्रा और कोटक महिंद्रा बैंक सर्वाधिक नुकसान में रहे। दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में एनटीपीसी, भारती एयरटेल और बजाज फाइनेंस शामिल हैं। एशिया के अन्य बाजारों में चीन का शंघाई कंपोजिट, जापान का निक्की, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे। यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में गिरावट का रुख रहा। अमेरिका में शेयर बाजार सोमवार को नुकसान में रहे। 

कच्चा तेल और लुढ़का

इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.37 प्रतिशत की गिरावट के साथ 104.6 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक सोमवार को शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने 170.51 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे। 

रुपये अबतक के निचले स्तर पर 

घरेलू शेयर बाजार में गिरावट और विदेशी बाजारों में डॉलर में मजबूती के बीच अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में मंगलवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया 15 पैसे टूट गया और 79.60 (अस्थायी) के नए निचले स्तर पर बंद हुआ। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया कमजोर रुख के साथ 79.55 प्रति डॉलर पर खुला और कारोबार के दौरान 79.53 के उच्चतम तथा 79.66 रुपये के निचले स्तर तक गया। अंत में रुपया पिछले बंद भाव के मुकाबले 15 पैसे की गिरावट के साथ 79.60 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा