भारतीय शेयर बाजार में आज भारी उतार-चढ़ाव के बीच गिरावट देखने को मिली। कारोबारी सत्र के अंत में सेंसेक्स करीब 516 अंक टूट गया, जबकि निफ्टी 24,200 के नीचे फिसल गया। बाजार में कमजोरी की सबसे बड़ी वजह SBI के तिमाही नतीजों के बाद बैंकिंग शेयरों में आई बिकवाली रही। इसके अलावा अमेरिका-ईरान तनाव ने भी निवेशकों की चिंता बढ़ा दी। कारोबार खत्म होने पर सेंसेक्स 516 अंक गिरकर 77,328 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 150 अंक टूटकर 24,176 के स्तर पर पहुंच गया।
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के तिमाही नतीजों के बाद निवेशकों ने जमकर मुनाफावसूली की। इसका असर शेयर पर साफ दिखाई दिया और SBI का शेयर करीब 6 प्रतिशत तक टूट गया। इसके चलते पूरे बैंकिंग सेक्टर में दबाव बन गया। निफ्टी पर SBI के अलावा कोल इंडिया, HDFC बैंक, बजाज फाइनेंस और एक्सिस बैंक के शेयर भी गिरावट में रहे। वहीं एशियन पेंट्स, अपोलो हॉस्पिटल, टाटा कंज्यूमर, अडानी पोर्ट्स और टाइटन में खरीदारी देखने को मिली।
किन सेक्टर्स में रही सबसे ज्यादा कमजोरी?
आज बाजार में PSU बैंक इंडेक्स सबसे ज्यादा टूटा और इसमें करीब 3 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई। इसके अलावा ऑयल एंड गैस इंडेक्स में 1 प्रतिशत और प्राइवेट बैंक, मेटल, एनर्जी, पावर और रियल्टी सेक्टर में भी कमजोरी रही। हालांकि IT, FMCG, हेल्थकेयर और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर ने बाजार को कुछ हद तक संभालने की कोशिश की।
US-ईरान तनाव का भी असर
एक्सपर्ट्स के मुताबिक अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य के पास सैन्य एक्टिविटी ने वैश्विक बाजारों में डर का माहौल पैदा किया है। इससे निवेशकों ने रिस्क वाले निवेश से दूरी बनाई और बाजार में बिकवाली बढ़ गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के आसपास स्थिर रहीं, जिससे बाजार में घबराहट ज्यादा नहीं बढ़ी।
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में मिला सपोर्ट
मुख्य बाजार में गिरावट के बावजूद मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में ज्यादा कमजोरी नहीं दिखी। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ, जबकि स्मॉलकैप इंडेक्स हल्की बढ़त में रहा। एक्सपर्ट्स का कहना है कि मजबूत कॉर्पोरेट नतीजों और बेहतर वैल्यूएशन के चलते निवेशकों की दिलचस्पी अभी भी चुनिंदा मिड और स्मॉलकैप शेयरों में बनी हुई है।