1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Reliance AGM से पहले शेयर बाजार में लौटी अच्छी तेजी, सेबी की रिपोर्ट से Adani Group के स्टॉक्स में गिरावट

Reliance AGM से पहले शेयर बाजार में लौटी अच्छी तेजी, सेबी की रिपोर्ट से Adani Group के स्टॉक्स में गिरावट

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Aug 28, 2023 11:44 am IST,  Updated : Aug 28, 2023 11:44 am IST

अडाणी एंटरप्राइजेज, अडाणी पावर, अडाणी ग्रीन एनर्जी, अडाणी विल्मर और अडाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड सहित अडाणी समूह की कंपनियों के शेयर में आज गिरावट देखने को मिल रही है।

शेयर बाजार- India TV Hindi
शेयर बाजार Image Source : PTI

रिलायंस इंडस्ट्रीज की सालाना आम बैठक (AGM) से पहले भारतीय शेयर बाजार में अच्छी तेज लौट आई है। आपको बता दें कि वैश्विक बाजारों में मजबूत रुख के बीच प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में सोमवार को शुरुआती कारोबार के दौरान हरे निशान में खुले। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 177.63 अंक चढ़कर 65,064.14 पर पहुंच गया। एनएसई निफ्टी 62.2 अंक बढ़कर 19,328 पर रहा। करीब 2 घंटे से अधिक के कारोबार के बाद बाजार में अभी और तेजी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स 174.49 अंकों की तेजी के साथ एक बार फिर 65,061.00 पर पहुंच गया है। वहीं, एनएसई निफ्टी 56.35 अंकों की मजबूती के साथ 19,322.15 अंक पर कारोबार कर रहा है। 

अडाणी ग्रुप की कंपनियों में बिकवाली 

अडाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड, अडाणी पावर लिमिटेड, अडाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड, अडाणी विल्मर और अडाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड सहित अडाणी समूह की कंपनियों के शेयर में आज गिरावट देखने को मिल रही है। आपको बता दें कि पूंजी बाजार नियामक  सेबी ने कहा कि उसने अडाणी ग्रुप से जुड़ी 2 मामलों को छोड़कर सभी आरोपों की जांच पूरी कर ली है। सेबी ने अपनी रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट को सौंप दिया है। अब इस पर फैसला आना बाकी है। इससे आज कंपनियों के स्टॉक्स पर दबाब देखने को मिल रहा है। आपको बता दें कि सेबी इस साल जनवरी में हिंडनबर्ग रिसर्च द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच कर रहा था, जिसमें उसने अडाणी समूह पर स्टॉक हेरफेर, धोखाधड़ी लेनदेन और अन्य वित्तीय गड़बड़ी का आरोप लगाया था। 

इन कंपनियों के शेयरों में तेजी 

सेंसेक्स के शेयरों में जियो फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड, टाटा स्टील, लार्सन एंड टुब्रो, सन फार्मा, पावर ग्रिड, एचडीएफसी बैंक और जेएसडब्ल्यू स्टील बढ़त में रहे। दूसरी ओर एचसीएल टेक्नोलॉजीज, हिंदुस्तान यूनिलीवर, भारती एयरटेल, एशियन पेंट्स, नेस्ले और टाइटन घाटे में रहे। अन्य एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, हांगकांग का हैंगसेंग और चीन का शंघाई कम्पोजिट फायदे में रहे। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.11 प्रतिशत गिरावट के साथ 84.39 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था। 

रुपया 12 पैसे चढ़कर 82.52 प्रति डॉलर पर 

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में सोमवार को शुरुआती कारोबार में रुपया 12 पैसे चढ़कर 82.52 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। एशियाई और घरेलू बाजार में सकारात्मक रुख को देखते हुए रुपये को मजबूती मिली। विदेशी मुद्रा कोरोबारियों ने बताया कि विदेशी निवेशकों की बिकवाली के दबाव से रुपया एक दायरे में कारोबार कर रहा है, जबकि कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से गिरावट काबू में रही। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 82.58 पर खुला और बाद में यह 82.52 पर कारोबार कर रहा था, जो पिछले बंद भाव की तुलना में 12 पैसे की बढ़त है। शुक्रवार को रुपया 82.64 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 104.07 पर कारोबार कर रहा था। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.11 प्रतिशत की गिरावट से 84.39 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा