1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Stock Market: शुक्रवार को थम गई शेयर बाजार की तेजी, सेंसेक्स 60,000 अंक से नीचे, जानिए गिरावट के कारण

Stock Market: शुक्रवार को थम गई शेयर बाजार की तेजी, सेंसेक्स 60,000 अंक से नीचे, जानिए गिरावट के कारण

 Written By: Indiatv Paisa Desk
 Published : Aug 19, 2022 05:33 pm IST,  Updated : Aug 19, 2022 05:33 pm IST

कारोबार के दौरान एक समय Sensex 823.43 अंक तक लुढ़क गया था। National Stock Exchange का Nifty भी 198.05 अंक यानी 1.10% बड़ी गिरावट के साथ 17,758.45 अंक पर बंद हुआ।

Stock Market- India TV Hindi
Stock Market Image Source : FILE

Highlights

  • सुबह तेज शुरुआत के बाद भी बाजार में जोरदार गिरावट दर्ज
  • बाजार बंद होते होते सेंसेक्स 60000 के स्तर से नीचे आ गया
  • बीएसई सेंसेक्स लगभग 652 अंक का गोता लगाकर बंद हुआ

Stock Market: भारत के शेयर बाजारों में बीते कई दिनों से जारी तेजी की उड़ान शुक्रवार को आखिरकार आकर थम गई। आज सुबह तेज शुरुआत के बाद भी बाजार में जोरदार गिरावट दर्ज की गई और बाजार बंद होते होते सेंसेक्स 60000 के स्तर से नीचे आ गया। आज बीएसई सेंसेक्स लगभग 652 अंक का गोता लगाकर अंत में 59,646.15 अंक पर बंद हुआ। 

कारोबार के दौरान एक समय यह 823.43 अंक तक लुढ़क गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 198.05 अंक यानी 1.10 प्रतिशत बड़ी गिरावट के साथ 17,758.45 अंक पर बंद हुआ। 

क्यों गिरा बाजार

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘कमजोर वैश्विक रुख के बीच मुनाफावसूली से घरेलू शेयर बाजार पर असर पड़ा। ब्याज दरों में वृद्धि का असर बाजार पर दिखा। बाजार में बिकवाली चौतरफा रही। सूचकांक में मजबूत हिस्सेदारी रखने वाली कंपनियों के शेयरों में गिरावट से सूचकांक नीचे आया है।’’ 

आज इन शेयरों में हुई उठापटक

सेंसेक्स के शेयरों में इंडसइंड बैंक, बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस, टाटा स्टील, भारतीय स्टेट बैंक, मारुति, एनटीपीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर और रिलायंस इंडस्ट्रीज सबसे ज्यादा नुकसान में रहे। दूसरी तरफ लार्सन एंड टुब्रो, इन्फोसिस और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) लाभ में रहे। 

एशियाई बाजारों में मिला जुला कारोबार 

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कंपोजिट और जापान का निक्की नुकसान में रहे जबकि हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में रहा। यूरोप के प्रमुख बाजारों में ज्यादातर में शुरुआती कारोबार में गिरावट का रुख रहा। अमेरिकी शेयर बाजार वॉल स्ट्रीट बृहस्पतिवार को बढ़त में रहा था। 

क्रूड ऑयल में गिरावट 

इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.38 प्रतिशत की गिरावट के साथ 95.25 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ो के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक कई दिन के बाद शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने बृहस्पतिवार को 1,706 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा