1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Share Market: शेयर बाजार में तूफानी तेजी! सेंसेक्स 1200 अंक उछला, निफ्टी 24,200 के ऊपर; इन शेयर में दिखी जोरदार रैली

Share Market: शेयर बाजार में तूफानी तेजी! सेंसेक्स 1200 अंक उछला, निफ्टी 24,200 के ऊपर; इन शेयर में दिखी जोरदार रैली

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Apr 15, 2026 09:36 am IST,  Updated : Apr 15, 2026 09:36 am IST

बुधवार को बाजार खुलते ही दलाल स्ट्रीट पर बुल्स का कब्जा देखने को मिला। वैश्विक संकेतों और घरेलू निवेशकों के भरोसे के दम पर सेंसेक्स और निफ्टी ने आज एक लंबी छलांग लगाई है।

शेयर बाजार में तेजी- India TV Hindi
शेयर बाजार में तेजी Image Source : CANVA

भारतीय शेयर बाजार ने एक बार फिर अपनी ताकत दिखाई है। ईरान के साथ कूटनीतिक बातचीत फिर से शुरू होने की उम्मीद ने दुनियाभर के बाजारों के साथ-साथ भारतीय निवेशकों में भी भारी उत्साह भर दिया है। बाजार खुलते ही बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 1,293.76 अंक यानी 1.68% की भारी बढ़त के साथ 78,141.33 के स्तर पर जा पहुंचा। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी भी पीछे नहीं रहा और 366.30 अंक (1.54%) उछलकर 24,208.95 के स्तर को पार कर गया।

बाजार में चौतरफा खरीदारी

आज के कारोबार की सबसे बड़ी बात यह रही कि बाजार में केवल कुछ चुनिंदा शेयर ही नहीं, बल्कि चौतरफा खरीदारी देखने को मिली। बाजार के आंकड़ों के अनुसार, लगभग 2,327 शेयरों में बढ़त दर्ज की गई, जबकि केवल 377 शेयरों में गिरावट आई। वहीं 154 शेयर बिना किसी बदलाव के कारोबार कर रहे हैं। यह आंकड़ा दर्शाता है कि निवेशकों का भरोसा बाजार पर मजबूती से लौटा है।

बैंकिंग और एविएशन सेक्टर में धमाका

निफ्टी बैंक इंडेक्स में आज 2% की शानदार तेजी देखी गई। बैंकिंग सेक्टर में यूनियन बैंक (3.44%), इंडसइंड बैंक (3.41%) और आईडीएफसी फर्स्ट बैंक (3.08%) ने बाजार को लीड किया। इसके अलावा केनरा बैंक और पीएनबी के शेयरों में भी जबरदस्त वॉल्यूम के साथ खरीदारी हुई।

कंपनी वर्तमान बाजार मूल्य प्रतिशत बदलाव वॉल्यूम
यूनियन बैंक 191.04 +3.44% 943.12 हजार
इंडसइंड बैंक 846.85 +3.41% 107.74 हजार
IDFC फर्स्ट बैंक 66.86 +3.08% 1.56 मिलियन (15.6 लाख)
केनरा बैंक 142.82 +2.92% 2.51 मिलियन (25.1 लाख)
पंजाब नेशनल बैंक 113.85 +2.82% 1.31 मिलियन (13.1 लाख)

एविएशन सेक्टर की बात करें तो इंटरग्लोब एविएशन (IndiGo) के शेयर में 4.54% की तूफानी तेजी देखी गई। इसके साथ ही अल्ट्राटेक सीमेंट, एशियन पेंट्स, श्रीराम फाइनेंस और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज निफ्टी के टॉप गेनर्स में शामिल रहे।

किन शेयरों ने किया निराश?

इतनी बड़ी तेजी के बावजूद कुछ शेयरों पर दबाव नजर आया। डॉ. रेड्डीज लैब्स, ओएनजीसी (ONGC) और कोल इंडिया जैसे शेयरों में मामूली गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, बाजार की ओवरऑल तेजी इतनी बड़ी थी कि इन गिरावट वाले शेयरों का असर सेंसेक्स पर ज्यादा नहीं पड़ा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा