1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शेयर बाजार में दिनभर चला उतार-चढ़ाव, अंत में सपाट बंद हुए सेंसेक्स-निफ्टी; मिडकैप शेयरों ने मारी बाजी

शेयर बाजार में दिनभर चला उतार-चढ़ाव, अंत में सपाट बंद हुए सेंसेक्स-निफ्टी; मिडकैप शेयरों ने मारी बाजी

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Aug 10, 2026 03:53 pm IST,  Updated : Aug 10, 2026 03:53 pm IST

भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को कारोबार के दौरान काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। कभी बाजार में खरीदारी हावी रही तो कभी बिकवाली का दबाव बढ़ा। हालांकि, कारोबारी सत्र के अंत में सेंसेक्स और निफ्टी मामूली बढ़त के साथ लगभग सपाट बंद हुए।

दिनभर कभी ऊपर तो कभी...- India TV Hindi
दिनभर कभी ऊपर तो कभी नीचे भागा शेयर बाजार Image Source : ANI/CANVA

हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में दिनभर भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। कारोबार के दौरान कभी बाजार में तेजी तो कभी बिकवाली का दबाव बना रहा, लेकिन बाजार बंद होने तक सेंसेक्स और निफ्टी लगभग सपाट स्तर पर ही सीमित रहे। हालांकि, इस सुस्त और उतार-चढ़ाव भरे माहौल के बीच मिडकैप शेयरों में अच्छी लिवाली देखी गई, जिसने निवेशकों का भरोसा मजबूत बनाए रखा।

सपाट स्तर पर बंद हुए सेंसेक्स और निफ्टी

सोमवार को बाजार के बंद होने पर बीएसई सेंसेक्स 43.27 अंक यानी 0.06 फीसदी की मामूली तेजी के साथ 78,542.44 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई का निफ्टी 50 भी 13.15 अंक या 0.05 फीसदी की नाममात्र बढ़त लेकर 24,583.80 पर बंद हुआ। मार्केट ब्रेड्थ की बात करें तो बाजार में मिला-जुला रुख रहा। करीब 2,103 शेयरों में तेजी दर्ज की गई, जबकि 2,107 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए और 184 शेयरों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ।

Titan और Bajaj Finance चमके, SBI में आई गिरावट

आज के सत्र में कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और फाइनेंस सेक्टर के शेयरों ने बाजार को संभाले रखा। निफ्टी 50 में शामिल दिग्गजों में टाइटन कंपनी सबसे बड़ी गेनर रही। टाइटन 3.14% चढ़कर ₹5,098.20 पर बंद हुआ। टाटा कंज्यूमर और बजाज फाइनेंस क्रमशः 2.4% और 2.2% चढ़कर हरे निशान में रहे। वहीं, श्रीराम फाइनेंस व ग्रासिम: क्रमशः 2% और 1.7% की तेजी के साथ बंद हुए। इनके अलावा एशियन पेंट्स, टाटा स्टील, इंफोसिस और एक्सिस बैंक में भी खरीदारी का रुख रहा। दूसरी तरफ, सरकारी बैंकिंग और हैवीवेट शेयरों में बिकवाली के दबाव ने बाजार की बढ़त को सीमित कर दिया। भारतीय स्टेट बैंक 2.39% टूटकर सबसे बड़ा लूजर बना। वहीं,  आईटीसी और इटरनल भी क्रमशः 1.23% और 1.57% की गिरावट के साथ बंद हुआ।

मिडकैप सूचकांक ने मारी बाजी, PSU बैंक फिसले

सेक्टोरल आधार पर आज सबसे ज्यादा तेजी निफ्टी रियल्टी इंडेक्स में देखने को मिली, जो 1.3 फीसदी चढ़कर बंद हुआ। कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडेक्स 0.4 फीसदी और प्राइवेट बैंक इंडेक्स 0.5 फीसदी की मजबूती लेकर बंद हुए। वहीं, निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स 1.6 फीसदी, ऑयल एंड गैस 0.3 फीसदी और इंफ्रा इंडेक्स 0.4 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ।

यह भी पढ़ें- FPIs ने अगस्त में अबतक ₹12,921 करोड़ का किया निवेश, इन वजहों से आकर्षण का केंद्र बना घरेलू बाजार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा