1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. टाटा ग्रुप की इस कंपनी का नेट प्रॉफिट 52% बढ़ा, 8.25 रुपये के डिविडेंड का ऐलान

टाटा ग्रुप की इस कंपनी का नेट प्रॉफिट 52% बढ़ा, 8.25 रुपये के डिविडेंड का ऐलान

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Apr 24, 2025 06:49 am IST,  Updated : Apr 24, 2025 12:41 pm IST

वित्त वर्ष 2024-25 की मार्च तिमाही में कंपनी की कुल आय बढ़कर 4664.73 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले 2023-24 की चौथी तिमाही में 3965.39 करोड़ रुपये थी।

tata, tata group, tata group company, tata consumer products, tata consumer products results, tata c- India TV Hindi
मार्च तिमाही में कंपनी की कुल आय बढ़कर 4664.73 करोड़ रुपये हुई Image Source : TATA

टाटा ग्रुप की उपभोक्ता उत्पाद बनाने वाली कंपनी टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स ने बुधवार को वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी कर दिए। कंपनी ने शेयर बाजार एक्सचेंजों बीएसई और एनएसई को दी सूचना में बताया कि वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी तिमाही में उनका एकीकृत शुद्ध लाभ 52 प्रतिशत बढ़कर 407.07 करोड़ रुपये हो गया। टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के प्रॉफिट में आए इस बंपर उछाल की मुख्य वजह कंपनी का आय बढ़ना है। टाटा ग्रुप की कंपनी ने कहा कि पिछले वित्त वर्ष 2023-24 की जनवरी-मार्च तिमाही में उसे 267.71 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हुआ था। 

मार्च तिमाही में कंपनी की कुल आय बढ़कर 4664.73 करोड़ रुपये हुई

वित्त वर्ष 2024-25 की मार्च तिमाही में कंपनी की कुल आय बढ़कर 4664.73 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले 2023-24 की चौथी तिमाही में 3965.39 करोड़ रुपये थी। पूरे वित्त वर्ष की बात करें तो 2024-25 में टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स को कुल 1380.31 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हुआ, जो इससे पिछले वित्त वर्ष 2023-24 में 1300.99 करोड़ रुपये था। टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने कंपनी के प्रॉफिट में शानदार उछाल को देखते हुए शेयरहोल्डरों के लिए डिविडेंड की सिफारिश की है।

शेयरहोल्डरों के लिए प्रत्येक शेयर पर 8.25 रुपये के डिविडेंड की घोषणा

कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 8.25 रुपये के डिविडेंड की सिफारिश की है। बताते चलें कि बुधवार को टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के शेयर बीएसई पर 1.30 प्रतिशत (14.80 रुपये) की बढ़त के साथ 1150.90 रुपये के भाव पर बंद हुए। कल कारोबार के दौरान कंपनी के शेयर 1156.00 रुपये के इंट्राडे हाई से लेकर 1132.35 रुपये के इंट्राडे लो तक पहुंचे थे। कंपनी के शेयरों का 52 वीक हाई 1247.75 रुपये है। बीएसई के आंकड़ों के मुताबिक, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स का मौजूदा मार्केट कैप 1,13,881.39 करोड़ रुपये है।

डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी प्रकार के निवेश से पहले या वित्तीय जोखिम लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के जोखिम के लिए उत्तरदायी नहीं होगा।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा