1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. 27% की बढ़त के साथ बंद हुए टाटा मोटर्स कमर्शियल व्हीकल्स के शेयर, शेयर बाजार में आज लिस्ट हुई थी कंपनी

27% की बढ़त के साथ बंद हुए टाटा मोटर्स कमर्शियल व्हीकल्स के शेयर, शेयर बाजार में आज लिस्ट हुई थी कंपनी

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Nov 12, 2025 11:44 pm IST,  Updated : Nov 12, 2025 11:44 pm IST

बीएसई पर टाटा मोटर्स कमर्शियल व्हीकल्स के शेयर 26.09 प्रतिशत की बढ़त के साथ 330.25 रुपये पर लिस्ट हुए थे।

tata, tata group, tata motors, TMCV, tata motors passenger vehicles, tmpv, tata motors commercial ve- India TV Hindi
बीएसई पर 26.09 प्रतिशत की बढ़त के साथ लिस्ट हुए थे कंपनी के शेयर Image Source : TMCV

टाटा मोटर्स कमर्शियल व्हीकल्स (TMCV) के शेयर बुधवार को शेयर बाजार में अपने इश्यू प्राइस की तुलना में 27 प्रतिशत की बढ़त के साथ लिस्ट हुए। TMCV के शेयर, टाटा मोटर्स द्वारा अपने बिजनेस को दो अलग यूनिट्स में बांटने के एक महीने से भी ज्यादा समय बाद लिस्ट हुए हैं। पैसेंजर कार बिजनेस यूनिट- टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड (TMPV) के शेयर 14 अक्टूबर को शेयर बाजार में लिस्ट हुए थे। टाटा मोटर्स कमर्शियल व्हीकल्स के शेयरों ने एनएसई पर अपने निर्धारित मूल्य से 28.48 प्रतिशत की बढ़त के साथ 335 रुपये पर कारोबार शुरू किया। बुधवार को कारोबार के दौरान TMCV के शेयर एनएसई पर 32.31 प्रतिशत की बढ़त के साथ 345 रुपये के भाव पर पहुंच गए थे और अंत में 26.56 प्रतिशत की बढ़त के साथ 330 रुपये के भाव पर बंद हुए।

बीएसई पर 26.09 प्रतिशत की बढ़त के साथ लिस्ट हुए थे कंपनी के शेयर

बीएसई पर टाटा मोटर्स कमर्शियल व्हीकल्स के शेयर 26.09 प्रतिशत की बढ़त के साथ 330.25 रुपये पर लिस्ट हुए थे। आज कारोबार के दौरान ये बीएसई पर 32.4 प्रतिशत की बढ़त के साथ 346.75 रुपये के इंट्राडे हाई पर पहुंच गए थे। हालांकि, अंत में ये 25.3 प्रतिशत की बढ़त के साथ 327.65 रुपये पर बंद हुए। आज कारोबार के अंत में एनएसई पर कंपनी का मार्केट कैप 1,21,516.94 करोड़ रुपये था। टाटा मोटर्स का डीमर्जर 1 अक्टूबर को लागू हुआ था। कंपनी ने पिछले साल अपने पैसेंजर कार और कमर्शियल व्हीकल बिजनेस को दो अलग-अलग बिजनेस में बांटने की घोषणा की थी।

टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के शेयरों ने गिरावट के साथ बंद किया कारोबार

वहीं दूसरी ओर, आज टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स (TMPV) के शेयर आज गिरावट के साथ बंद हुए। बुधवार को बीएसई पर TMPV के शेयर 5.20 रुपये (1.28%) की बढ़त के साथ 402.30 रुपये के भाव पर बंद हुए। मंगलवार को 407.50 रुपये के भाव पर बंद हुए कंपनी के शेयर आज मामूली बढ़त के साथ 407.75 रुपये के भाव पर खुले थे। कारोबार के दौरान, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के शेयर 401.80 रुपये के इंट्राडे लो से लेकर 411.35 रुपये के इंट्राडे हाई तक पहुंचे थे। एनएसई पर भी TMPV के शेयर आज 5.30 रुपये (1.30%) के नुकसान के साथ 402.30 रुपये पर बंद हुए। एनएसई पर टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स का मौजूदा मार्केट कैप 1,48,150.17 करोड़ रुपये है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा