1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. TCS Salary Hike 2026: टीसीएस ने कर्मचारियों की सैलरी में बढ़ोतरी का किया ऐलान, 1 अप्रैल से प्रभावी

TCS Salary Hike 2026: टीसीएस ने कर्मचारियों की सैलरी में बढ़ोतरी का किया ऐलान, 1 अप्रैल से प्रभावी

 Published : Apr 09, 2026 11:01 pm IST,  Updated : Apr 09, 2026 11:01 pm IST

टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज की तरफ से की गई वेतन वृद्धि की घोषणा कंपनी के लिए कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने और AI-केंद्रित भविष्य की तैयारी का हिस्सा माना जा रहा है।

वित्त वर्ष 2026 के आखिरी में टीसीएस का कुल कर्मचारी आधार 5,84,519 रहा।- India TV Hindi
वित्त वर्ष 2026 के आखिरी में टीसीएस का कुल कर्मचारी आधार 5,84,519 रहा। Image Source : INDIA TV

देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने अपने योग्य कर्मचारियों के लिए सालाना वेतन वृद्धि (इंक्रीमेंट) लागू करने की घोषणा कर दी है। यह बढ़ोतरी 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी होगी। हालांकि, कितने प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी, इस बारे में घोषणा नहीं हुई है। बिजनेस स्टैंडर्ड की खबर के मुताबिक, कंपनी के चीफ ह्यूमन रिसोर्सेज ऑफिसर सुदीप कुन्नुमल ने बताया कि सभी ग्रेड के योग्य कर्मचारियों को इस बार वार्षिक इंक्रीमेंट मिलेगा। कंपनी का कहना है कि बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को डबल डिजिट में ग्रोथ दी जा सकती है।

AI पर जोर, भर्ती जारी

खबर के मुताबिक, कुन्नुमल ने कहा कि कंपनी चौथी तिमाही में भविष्य के लिए तैयार वर्कफोर्स बनाने पर खास ध्यान दे रही है। इस दौरान अनुभवी प्रोफेशनल्स के साथ-साथ कैंपस हायरिंग में भी मजबूत बढ़ोतरी की गई। वित्त वर्ष 2026 में AI-फर्स्ट कल्चर को मजबूत करने और कर्मचारियों को AI से जुड़ी स्किल्स से लैस करने पर मुख्य फोकस रहा। कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 (FY2027) में भी इस दिशा में अपनी प्राथमिकता बरकरार रखने का फैसला किया है, ताकि ग्राहकों की बदलती जरूरतों के साथ लगातार तालमेल बिठाया जा सके।

फ्रेशर्स और अनुभवी पेशेवरों की भर्ती जारी रहेगी

कंपनी का कहना है कि टीसीएस फ्रेशर्स और अनुभवी पेशेवरों की भर्ती जारी रखेगी। खासतौर पर AI, डेटा, एंटरप्राइज सॉल्यूशंस, सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग, क्लाउड, साइबर सिक्योरिटी और डिजिटल इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में भर्ती पर जोर रहेगा। वित्त वर्ष 2026 में कंपनी ने एडवाइजरी और कंसल्टिंग में गहरी विशेषज्ञता वाले 750 से ज्यादा प्रोफेशनल्स को नियुक्त किया है। साथ ही टैलेंट डेवलपमेंट प्रोग्राम्स में निवेश भी बढ़ाया गया है। 

कर्मचारियों की संख्या

वित्त वर्ष 2026 के आखिरी में टीसीएस का कुल कर्मचारी आधार 5,84,519 रहा, जो पिछले साल की समान अवधि (6,07,979) की तुलना में कम है। हालांकि, तिमाही आधार पर चौथी तिमाही में कंपनी ने 2,356 नए कर्मचारियों को जोड़ा है। कंपनी के मुताबिक, वर्तमान में 2.7 लाख कर्मचारी AI और मशीन लर्निंग में उच्च स्तर की दक्षता रखते हैं। पिछले साल से तुलना करें तो वित्त वर्ष 2025 में टीसीएस ने वेतन वृद्धि में पांच महीने की देरी की थी और इसे सितंबर 2025 में लागू किया गया था। उस समय औसत वृद्धि 4.5% से 7% के बीच रही थी, जबकि टॉप परफॉर्मर्स को तब भी डबल डिजिट इंक्रीमेंट मिला था। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा