1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. IRFC और RVNL समेत ये 5 मल्टीबैगर रेलवे शेयर आज 13.5% तक गिरे, जान लीजिए वजह

IRFC और RVNL समेत ये 5 मल्टीबैगर रेलवे शेयर आज 13.5% तक गिरे, जान लीजिए वजह

 Edited By: Pawan Jayaswal
 Published : Feb 12, 2024 06:36 pm IST,  Updated : Feb 12, 2024 06:36 pm IST

Railway stocks : चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में रिजल्ट अच्छा नहीं रहने के चलते सोमवार को रेलवे से जुड़े शेयरों में जबरदस्त मुनाफावसूली हुई। इससे ये शेयर करीब 13 फीसदी तक टूट गये हैं।

रेलवे स्टॉक्स में...- India TV Hindi
रेलवे स्टॉक्स में गिरावट Image Source : PIXABAY

जिन पीएसयू रेलवे शेयरों ने काफी कम समय में निवेशकों को बंपर रिटर्न दिया था, उनमें आज सोमवार को जबरदस्त गिरावट दर्ज हुई है। चालू वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही का रिजल्ट अच्छा नहीं आने के चलते इन शेयरों में गिरावट आई है। भारतीय रेल वित्त निगम (IRFC) का शेयर आज  13.5% की गिरावट के साथ ₹133 पर बंद हुआ। दिसंबर तिमाही में कंपनी का कमजोर रिजल्ट रहने के चलते यह गिरावट आई है। कंपनी ने Q3FY24 में अपने शुद्ध लाभ में 1.78% की गिरावट दर्ज की। यह ₹1,604 करोड़ रहा। जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह ₹1,633 करोड़ रहा था।

इस महीने 20% गिर गया IRFC का शेयर

हालांकि, आईआरएफसी का परिचालन से राजस्व साल-दर-साल 8.42% बढ़कर ₹6,742 करोड़ हो गया। वहीं, फाइनेंस लागत में ₹4,554 करोड़ से ₹5,104 करोड़ तक का इजाफा हुआ है। इससे कंपनी के मुनाफे पर असर पड़ा है। कंपनी के रिजल्ट जारी करने से पहले ही निवेशकों ने मुनाफावसूली शुरू कर दी थी। जब रिजल्ट अच्छा नहीं आया, तो शेयर में बिकवाली बढ़ गई। आईआरएफसी के शेयर में इस महीने करीब 20% की गिरावट आई है। जबकि अकेले जनवरी में यह शेयर 76% उछला था। और अधिक पीछे देखें, तो इस शेयर ने जुलाई और जनवरी के बीच 446% का शानदार रिटर्न दिया है।

RVNL का शेयर 11.45% टूटा

इसी तरह, रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) का शेयर आज 11.45% की गिरावट के साथ ₹229.60 पर बंद हुआ। तीसरी तिमाही में रिजल्ट सही नहीं आने के चलते ही शेयर में गिरावट आई है। दिसंबर तिमाही में कंपनी के राजस्व और मुनाफे दोनों में साल-दर-साल आधार पर गिरावट आई है। कंपनी का शुद्ध लाभ 6% घटकर ₹359 करोड़ रह गया, जो एक साल पहले की समान अवधि में ₹382 करोड़ था। वहीं, पिछली तिमाही के ₹394 करोड़ के शुद्ध लाभ की तुलना में इसमें 8.8% की गिरावट आई। इसके अलावा, कंपनी का परिचालन से राजस्व ₹5,012 करोड़ से घटकर ₹4,689 करोड़ हो गया, जो 6.44% की गिरावट है। आज की गिरावट के साथ आरवीएनएल का शेयर इस महीने कुल 25 फीसदी टूट चुका है। मार्च 2023 से जनवरी 2024 के बीच, स्टॉक ने एकतरफा उछाल देखा था। इसने इस अवधि में 436% का रिटर्न दिया था।

इन शेयरों में भी आई गिरावट

दूसरे रेलवे मल्टीबैगर स्टॉक, जैसे रेलटेल कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया, इरकॉन इंटरनेशनल और आईआरसीटीसी भी आज के सत्र में 4% से 12% के बीच गिर गए। रेलटेल कॉर्पोरेशन और इरकॉन इंटरनेशनल ने हाल ही में Q3 FY24 का परिणाम जारी किया था। भले ही मुनाफावसूली के चलते ये शेयर नीचे आए हैं, लेकिन इन्होंने पिछले 6 महीने में 100 फीसदी से अधिक का रिटर्न दिया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा