1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Stock Market में जारी रहेगी तेजी या लौटेगी गिरावट? जानें मार्केट का मूड महौल कैसा रहेगा

Stock Market में जारी रहेगी तेजी या लौटेगी गिरावट? जानें मार्केट का मूड महौल कैसा रहेगा

 Edited By: Alok Kumar
 Published : Sep 01, 2024 11:40 am IST,  Updated : Sep 01, 2024 11:40 am IST

स्वास्तिक इनवेस्टमार्ट लि.के शोध प्रमुख संतोष मीणा ने कहा, ‘‘फेडरल ओपेन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) की अगली बैठक सितंबर के मध्य में होनी है। लेकिन उससे पहले बाजार की नजर अमेरिका के आर्थिक आंकड़ों पर होगी।

Market Outlook- India TV Hindi
मार्केट आउटलुक Image Source : INDIA TV

Share Market Next week: शेयर बाजार में तेजी का दौड़ जारी है। 12 सत्रों में निफ्टी में 1,096.9 अंक यानी 4.54 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली है। पिछले नौ दिनों में बीएसई सेंसेक्स 1,941.09 अंक यानी 2.41 प्रतिशत चढ़ा है। अगर आप बाजार में पैसा लगाते हैं तो आपके मन में यह सवाल जरूर होगा कि क्या सोमवार से शुरू हो रहे नए हफ्ते में भी यह तेजी जार रहेगी? मार्केट एक्सपर्ट का कहना है कि तेजी का सिलसिला जारी रह सकता है। मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लि.के शोध, संपत्ति प्रबंधन प्रमुख सिद्धार्थ खेमका ने कहा, ‘हमारा अनुमान है कि शेयर केंद्रित कदम के साथ बाजार में तेजी का सिलसिला जारी रहेगा। सप्ताह के दौरान जारी होने वाले वैश्विक वृहत आर्थिक आंकड़ों से घरेलू बाजार को संकेत मिलना जारी रहेगा।’

इन आंकड़ों पर निवेशकों की नजर

वैश्विक रुख, वृहत आर्थिक आंकड़ों की घोषणा और विदेशी निवेशकों की कारोबारी गतिविधियां इस सप्ताह शेयर बाजार की चाल तय करेंगी। इसके अलावा, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में उतार-चढ़ाव भी बाजार को दिशा देंगे। पिछले सप्ताह, बीएसई सेंसेक्स में 1,279.56 अंक यानी 1.57 प्रतिशत का उछाल आया। वहीं एनएसई निफ्टी में 412.75 अंक यानी 1.66 प्रतिशत की तेजी रही। 

अमेरिका के आर्थिक आंकड़ों डालेंगे असर

स्वास्तिक इनवेस्टमार्ट लि.के शोध प्रमुख संतोष मीणा ने कहा, ‘‘फेडरल ओपेन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) की अगली बैठक सितंबर के मध्य में होनी है। लेकिन उससे पहले बाजार की नजर अमेरिका के आर्थिक आंकड़ों पर होगी। विनिर्माण पीएमआई, गैर-कृषि रोजगार और बेरोजगारी के आंकड़े इस सप्ताह जारी होने हैं। ये सभी उल्लेखनीय रूप से बाजार धारणा को प्रभावित कर सकते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘संस्थागत पूंजी प्रवाह भी बाजार को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।’’ घरेलू बाजार में तेजी के पीछे प्राथमिक कारण अमेरिका में नीतिगत दर में कटौती की बढ़ती उम्मीद और घरेलू निवेशकों की लिवाली है। वाहन बिक्री आंकड़ों की घोषणा के बीच इन कंपनियों के शेयरों पर नजर होगी।  

मुनाफावसूली भी आने की संभावना 

मेहता इक्विटीज लिमिटेड के सीनियर वीपी (रिसर्च) प्रशांत तापसे ने कहा, ‘‘व्यापक स्तर पर खरीद समर्थन से मानक सूचकांक नई ऊंचाई पर पहुंच गए। पिछले सप्ताह जैक्सन होल बैठक में मिले संकेत के बाद अगले महीने अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत दर में कटौती की उम्मीद ने निवेशकों को अधिक आश्वस्त किया है। हालांकि, सतर्क रुख अपनाया जा सकता है और मुनाफावसूली देखने को मिल सकती है। इसका कारण, बाजार पिछले 12 कारोबारी सत्रों से चढ़ रहा है।’’

82 हजार के पार निकला सेंसेक्स 

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स शुक्रवार को 231.16 अंक यानी 0.28 प्रतिशत चढ़कर 82,365.77 के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। एनएसई निफ्टी भी 1996 में अपनी शुरुआत के बाद से अच्छी बढ़त में है। यह 83.95 अंक यानी 0.33 प्रतिशत बढ़कर 25,235.90 के नए शिखर पर पहुंच गया। इसके साथ, इसमें लगातार 12वें कारोबारी सत्र में तेजी रही। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा