1. Hindi News
  2. पैसा
  3. फायदे की खबर
  4. Gold rate today: सोना सस्ता होकर 50 हजार के नीचे पहुंचा, चांदी के भाव में भी बड़ी गिरावट

Gold rate today: सोना सस्ता होकर 50 हजार के नीचे पहुंचा, चांदी के भाव में भी बड़ी गिरावट

 Edited By: Alok Kumar
 Published : Sep 27, 2022 05:35 pm IST,  Updated : Sep 27, 2022 05:40 pm IST

Gold rate today: चांदी की कीमत भी 195 रुपये गिरकर 56,155 रुपये प्रति किलोग्राम रह गयी।

Gold rate - India TV Hindi
Gold rate Image Source : PTI

Gold rate today: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोना 195 रुपये टूटकर 49,580 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। इससे पिछले कारोबारी सत्र में पीली धातु का भाव 49,775 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। चांदी की कीमत भी 195 रुपये गिरकर 56,155 रुपये प्रति किलोग्राम रह गयी। पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 56,350 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना नुकसान के साथ 1,637 डॉलर प्रति औंस पर रहा, जबकि चांदी 18.69 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रही। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक दिलीप परमार ने कहा, ‘‘बेहतर त्योहारी मांग की उम्मीद से जौहरियों की तरफ से बाजारों में सोने की मांग देखी गई है। हालांकि, बॉन्ड पर उच्च प्रतिफल और मजबूत डॉलर से कीमती धातुओं की कीमतों पर असर पड़ा है।’’

वायदा कीमतों में 209 रुपये की तेजी

मजबूत हाजिर मांग के कारण सटोरियों द्वारा ताजा सौदों की लिवाली से वायदा बाजार में मंगलवार को सोना 209 रुपये की तेजी के साथ 49,359 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर पहुंच गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में अक्टूबर महीने की डिलिवरी के लिये सोना 209 रुपये यानी 0.43 प्रतिशत की तेजी के साथ 49,359 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर पहुंच गया। इसमें 4,178 लॉट के लिये कारोबार हुआ। बाजार विश्लेषकों ने कहा कि कारोबारियों द्वारा ताजा सौदों की लिवाली करने से सोना वायदा कीमतों में तेजी आई। वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में सोना 0.76 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,645.80 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था।

चांदी का वायदा भाव बढ़ा

मजबूत हाजिर मांग के कारण कारोबारियों ने अपने सौदों के आकार को बढ़ाया, जिससे वायदा बाजार में मंगलवार को चांदी की कीमत 568 रुपये की तेजी के साथ 55,920 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में दिसंबर महीने में डिलिवरी वाले चांदी के अनुबंध की कीमत 568 रुपये यानी 1.03 प्रतिशत की तेजी के साथ 55,920 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। इसमें 19,919 लॉट के लिए कारोबार हुआ। बाजार विश्लेषकों ने कहा कि घरेलू बाजार में तेजी के रुख के चलते कारोबारियों द्वारा ताजा सौदों की लिवाली करने से चांदी वायदा कीमतों में तेजी आई। वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में चांदी 1.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 18.70 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। My Profit से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा