लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) एक बार फिर अपनी अफोर्डेबल हाउसिंग स्कीम ‘अटल नगर योजना’ के तहत फ्लैट्स के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया है। इस चरण में कुल 630 फ्लैट्स के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के तहत 1 बीएचके के 539 और 2 बीएचके के 91 फ्लैट्स शामिल हैं। इनके लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 18 अप्रैल 2026 से शुरू होकर 17 मई 2026 तक खुले रहेंगे। अगर आप भी इस स्कीम के तहत फ्लैट खऱीदने में रुचि रखते हैं तो आप सिर्फ लखनऊ विकास प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
Related Stories
शुरुआती कीमत करीब ₹9.82 लाख
खबर के मुताबिक, देवपुर पारा स्थित अटल नगर आवासीय योजना में 12 से 19 मंजिल तक के 15 टावर बनाए गए हैं, जिनमें कुल 2,496 फ्लैट्स हैं। इन फ्लैट्स का क्षेत्रफल 30 वर्गमीटर से 54.95 वर्गमीटर तक है और शुरुआती कीमत करीब ₹9.82 लाख रखी गई है। प्राधिकरण के अनुसार, फ्लैट्स का आवंटन पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लॉटरी सिस्टम के जरिए किया जाएगा। इससे पहले भी इसी योजना के तहत कई फ्लैट्स का आवंटन हो चुका है, जबकि अब बचे हुए 630 फ्लैट्स के लिए दोबारा रजिस्ट्रेशन खोला गया है।
मिलेंगी ये सुविधाएं
सुविधाओं की बात करें तो इस हाउसिंग प्रोजेक्ट में स्वच्छ पेयजल, 24x7 बिजली आपूर्ति, लिफ्ट, पावर बैकअप, सुरक्षा व्यवस्था, ग्रीन एरिया, किड्स प्ले एरिया और पार्किंग जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। रजिस्ट्रेशन शुल्क 1 बीएचके फ्लैट के लिए ₹55,658 और 2 बीएचके फ्लैट के लिए ₹1,00,852 तय किया गया है। अगर किसी आवेदक को फ्लैट का आवंटन नहीं होता है, तो यह राशि वापस कर दी जाएगी। यह योजना कम बजट में घर खरीदने की चाह रखने वालों के लिए एक अच्छा अवसर साबित हो सकती है।
अटल नगर प्रोजेक्ट के अंदर लगभग 500 चार-पहिया वाहनों के लिए एक मल्टी-लेवल पार्किंग सुविधा बनाने का निर्देश दिया गया है। इसके लिए, लेआउट में उपयुक्त जगहों की पहचान की बात की गई है। इसके अलावा रेनवाटर हार्वेस्टिंग और S.T.P. से जोड़ने का काम 1 महीने के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।