1. Hindi News
  2. पैसा
  3. मेरा पैसा
  4. सरकारी गारंटी के साथ 8.2% का ब्याज, 21 साल की होते ही लखपति बन जाएगी बेटी- जानें स्कीम की डिटेल्स

सरकारी गारंटी के साथ 8.2% का ब्याज, 21 साल की होते ही लखपति बन जाएगी बेटी- जानें स्कीम की डिटेल्स

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Aug 17, 2024 10:49 am IST,  Updated : Aug 17, 2024 10:49 am IST

योजना के तहत खाता खुलने की तारीख से अगले 15 साल तक ही इसमें पैसा जमा कराया जा सकता है। सुकन्या समृद्धि योजना के तहत 10 साल से कम उम्र की लड़कियों के ही खाते खोले जाते हैं।

SSY खाते में बेटियों को 8.2% का ब्याज मिलता है- India TV Hindi
SSY खाते में बेटियों को 8.2% का ब्याज मिलता है Image Source : FREEPIK

Sukanya Samriddhi Yojana: बेटियों के बेहतर भविष्य के लिए केंद्र सरकार कई तरह की योजनाएं चला रही है। सुकन्या समृद्धि योजना, इन्हीं में से एक योजना है। सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) के तहत बेटियों के नाम पर खुलवाए जाने वाले खाते पर सरकार 8.2 प्रतिशत का बंपर ब्याज देती है। 

सिर्फ 250 रुपये के निवेश से शुरू किया जा सकता है निवेश

देश के तमाम बैंकों के अलावा डाकघरों में भी SSY खाता आसानी से खुलवाया जा सकता है। इस सरकारी योजना के तहत आप अपने बेटी के नाम से एक वित्त वर्ष में कम से कम 250 रुपये और ज्यादा से ज्यादा 1,50,000 रुपये जमा करा सकते हैं।

सिर्फ 10 साल से कम उम्र की बेटियों का ही खुल सकता है एसएसवाई खाता

योजना के तहत खाता खुलने की तारीख से अगले 15 साल तक ही इसमें पैसा जमा कराया जा सकता है। सुकन्या समृद्धि योजना के तहत 10 साल से कम उम्र की लड़कियों के ही खाते खोले जाते हैं। ये अकाउंट, खाता खुलवाने की तारीख से 21 साल के बाद मैच्यॉर होता है। इसके अलावा, अगर बेटी 18 साल की हो चुकी है और उसकी शादी हो रही है तो ऐसी स्थिति में भी खाता बंद कर सारे पैसे निकाले जा सकते हैं।

एक परिवार में अधिकतम 2 बेटियों के नाम से ही खुलता है खाता

एक परिवार में अधिकतम 2 बेटियों के नाम से ही सुकन्या समृद्धि योजना के तहत खाते खुलवाए जा सकते हैं। हालांकि, अगर किसी परिवार में जुड़वा बेटियां होती हैं तो ऐसी स्थिति में 2 से ज्यादा बेटियों के नाम पर भी एसएसवाई खाता खुलवाया जा सकता है।

धारा 80सी के तहत टैक्स में भी मिलती है छूट

इस स्कीम के तहत सरकार हर 3 महीने में ब्याज दरों में जरूरत के हिसाब से बदलाव करती है। सुकन्या समृ्द्धि योजना का एक और बड़ा लाभ है। इस योजना में इनकम टैक्स एक्स के सेक्शन 80C के तहत 1.50 लाख रुपये तक की टैक्स छूट के लिए क्लेम किया जा सकता है।

21 की उम्र में कैसे लखपति बनेगी बेटी

अगर आपकी बेटी की उम्र अभी 1 साल है और आप इस योजना में हर साल सिर्फ 25,000 रुपये (15 साल में कुल 3.75 लाख रुपये) भी जमा करते हैं तो 21 साल के बाद यानी साल 2045 में आपकी बेटी को 11.54 लाख रुपये से ज्यादा मिलेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Personal Finance से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा