अगर आप किसी आपातकाल या विशेष परिस्थिति में प्रॉपर्टी के बदले लोन ले रहे हैं तो आपको कुछ ऐसी संभावित गलितयों से सावधान रहना चाहिए, जो बाद में आपके लिए परेशानी की वजह बन जाएं। प्रॉपर्टी के बदले लोन एक सुरक्षित लोन है जो किसी आवासीय या व्यावसायिक संपत्ति जैसे कि घर, फ्लैट/अपार्टमेंट, कार्यालय या दुकान के बदले दिया जाता है। प्रॉपर्टी एक कोलैटरल के रूप में काम करती है। इस प्रकार के लोन का उपयोग व्यवसाय विस्तार के लिए या व्यक्तिगत उद्देश्यों जैसे कि परिवार में विवाह, चिकित्सा आपात स्थिति आदि के लिए किया जा सकता है। इस तरह के लोन में बैंक, आपकी ऋण पात्रता निर्धारित करने के लिए आपकी आय, क्रेडिट इतिहास और संपत्ति का वर्तमान मूल्य आदि को ध्यान में रखते हैं। आइए, प्रॉपर्टी के बदले लोन लेते समय किन गलतियों से बचना चाहिए, इस पर चर्चा कर लेते हैं।
Related Stories
ब्याज दरों की तुलना न करना
प्रॉपर्टी के बदले लोन के लिए बैंक या अन्य वित्तीय संस्थान का चुनाव करते समय, अपना उचित होम वर्क करना अहम है। आपको बैंकों के बीच ब्याज दरों की तुलना करनी चाहिए और ऐसा ऋणदाता चुनना चाहिए जो आपकी समान मासिक किस्तों (ईएमआई) को कम करने के लिए किफ़ायती दरें प्रदान करता हो।
अवधि पर ध्यान न देना
प्रॉपर्टी के बदले लोन की अवधि महत्वपूर्ण है। एचडीएफसी बैंक के मुताबिक, सिर्फ इसलिए लंबी अवधि का विकल्प न चुनें क्योंकि आपको यह ऑफर किया गया है। अगर आप जल्दी लोन चुकाने में सक्षम हैं, तो ऐसा करें। कम अवधि में कम ब्याज देना पड़ता है।
लोन एग्रीमेंट की अनदेखी न करें
बहुत से लोग प्रॉपर्टी के बदले लोन के लिए दिए जाने वाले नियमों और शर्तों को ध्यान से नहीं पढ़ते हैं। बाद में किसी तरह की परेशानी के समय उनके पास कोई विकल्प नहीं होता है।
डिस्बर्समेंट के समय को ध्यान में न रखना
प्रॉपर्टी के बदले लोन को प्रोसेस होने में आमतौर पर समय लगता है क्योंकि लोन स्वीकृत होने से पहले बैंकों को आपकी प्रॉपर्टी का मूल्यांकन करने के लिए समय चाहिए होता है। यह सलाह दी जाती है कि आप बैंक से आपके लोन को स्वीकृत करने और वितरित करने में लगने वाले अपेक्षित समय के बारे में पूछताछ करें ताकि आप बैंक के वितरण कार्यक्रम के साथ धन की अपनी जरूरत का मिलान कर सकें।
अपने क्रेडिट स्कोर को नजरंदाज न करें
भले ही प्रॉपर्टी के बदले लोन एक सुरक्षित लोन है, लेकिन आपके लोन एप्लीकेशन को प्रोसेस करते समय आपके क्रेडिट स्कोर को ध्यान में रखा जाता है। एक हाई क्रेडिट स्कोर आपको अनुकूल शर्तों पर लोन दिला सकता है और एप्लीकेशन को स्वीकृत होने की संभावना भी बढ़ा सकता है।