1. Hindi News
  2. पैसा
  3. मेरा पैसा
  4. Credit Card का बुद्धिमानी से इस्तेमाल कैसे करें ताकि मेंटेन रहे एक मजबूत क्रेडिट स्कोर, नोट करें ये टिप्स

Credit Card का बुद्धिमानी से इस्तेमाल कैसे करें ताकि मेंटेन रहे एक मजबूत क्रेडिट स्कोर, नोट करें ये टिप्स

 Published : Jul 23, 2025 02:35 pm IST,  Updated : Jul 23, 2025 02:35 pm IST

क्रेडिट कार्ड से कैश निकालना बेहद महंगा साबित हो सकता है। इस पर इंटरेस्ट उसी समय से लगना शुरू हो जाता है और कोई ब्याज मुक्त अवधि नहीं होती। इस विकल्प का इस्तेमाल केवल आपात स्थिति में ही करना चाहिए।

बैंक की ओर से भेजे गए क्रेडिट कार्ड स्टेटमेंट और एसएमएस अलर्ट पर ध्यान दें।- India TV Hindi
बैंक की ओर से भेजे गए क्रेडिट कार्ड स्टेटमेंट और एसएमएस अलर्ट पर ध्यान दें। Image Source : PIXABAY

क्रेडिट कार्ड एक ऐसा पेमेंट कार्ड होता है, जो आपको कहीं भी और कभी भी उधार (क्रेडिट) पर भुगतान करने की सुविधा देता है। यह कार्ड किसी बैंक या वित्तीय संस्था द्वारा जारी किया जाता है और प्लास्टिक या मेटल से बना हो सकता है। क्रेडिट कार्ड आज के समय में एक बेहद सुविधाजनक फाइनेंशियल टूल है, लेकिन अगर इसका सही ढंग से उपयोग न किया जाए, तो यह आपको कर्ज के जाल में भी फंसा सकता है। आपको क्रेडिट कार्ड को समझदारी से मैनेज करने में कुछ खास बातों पर ध्यान देना जरूरी है, ताकि आप इसका सही इस्तेमाल कर सकें। 

बिल समय पर और पूरी राशि चुकाएं

अपने क्रेडिट कार्ड का बिल समय पर और पूरी राशि के साथ चुकाना सबसे अहम है। इससे आपका क्रेडिट स्कोर अच्छा बना रहता है और ब्याज दरों से बचाव होता है। अगर पूरी राशि चुकाना संभव न हो, तो कम से कम न्यूनतम राशि से अधिक भुगतान जरूर करें, ताकि ब्याज का बोझ कम हो।

बड़े खर्चों को EMI में बदलें

अगर आपने कोई बड़ी खरीदारी की है या बड़ा खर्च किया है, तो आप उसे ईएमआई में बदल सकते हैं। इससे बड़ी राशि को छोटे और सुलभ मासिक किस्तों में चुकाना आसान हो जाता है, और यह ब्याज दर भी आमतौर पर सामान्य क्रेडिट कार्ड ब्याज से कम होती है।

क्रेडिट कार्ड से कैश निकासी से बचें

bankbazaar के मुताबिक, क्रेडिट कार्ड से कैश निकालना बेहद महंगा साबित हो सकता है। इस पर इंटरेस्ट उसी समय से लगना शुरू हो जाता है और कोई ब्याज मुक्त अवधि नहीं होती। इसके साथ ही कैश विथड्रॉल चार्ज भी काफी अधिक होते हैं। इस विकल्प का इस्तेमाल केवल आपात स्थिति में ही करना चाहिए।

खर्च पर रखें निगरानी

अपने खर्चों पर नजर रखना बेहद जरूरी है। बैंक की ओर से भेजे गए क्रेडिट कार्ड स्टेटमेंट और एसएमएस अलर्ट पर ध्यान दें। इससे आपको अपने खर्च करने की आदतों को समझने और नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा, नियमित रूप से अपना क्रेडिट रिपोर्ट चेक करते रहें ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी को समय रहते पकड़ा जा सके।

एक साथ कई क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन न करें

अगर आप एक साथ कई क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन करते हैं, तो इससे आपके क्रेडिट स्कोर पर निगेटिव असर पड़ सकता है, क्योंकि इससे कई हार्ड इनक्वायरी रिकॉर्ड होती हैं। इसके बजाय, अपनी जरूरत और खर्च की आदतों के अनुसार कार्ड चुनें, जिससे आप बेहतर फायदे उठा सकें।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Personal Finance से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा