1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. गैंगस्टर्स के खिलाफ पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 11 अपराधी गिरफ्तार

गैंगस्टर्स के खिलाफ पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 11 अपराधी गिरफ्तार

 Edited By: Mangal Yadav
 Published : Apr 26, 2024 02:30 pm IST,  Updated : Apr 26, 2024 02:35 pm IST

पंजाब पुलिस ने गैंगस्टरों से जुड़े 11 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये कार्रवाई केंद्रीय एजेंसियों और जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ मिलकर की गई।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : FILE-ANI

चंडीगढ़: पंजाब पुलिस की गैंगस्टर रोधी कार्यबल ने केंद्रीय एजेंसियों और जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान एक संगठित आपराधिक गिरोह के 11 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया, ''पंजाब पुलिस के गैंगस्टर रोधी कार्यबल (एजीटीएफ) ने केंद्रीय एजेंसियों और जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ चलाए गए संयुक्त अभियान में चरणजीत सिंह और राजू शूटर द्वारा संचालित एक संगठित आपराधिक गिरोह के 11 सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

अपराधियों पर हैं ये आरोप

गौरव यादव ने बताया कि सितंबर 2023 में तरनतारन के ढोटियां गांव में इस गिरोह के सदस्यों ने एक बैंक को लूटने की कोशिश की थी और इस दौरान आरोपियों और पुलिसकर्मियों के बीच हुई गोलीबारी में एक पुलिस अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गया था। डीजीपी ने पोस्ट में बताया, ''तरनतारन के सिविल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराए गए राजू शूटर को उसके साथियों ने उसे 16 अप्रैल, 2024 को भगाने की कोशिश की थी।

डीजीपी ने दी ये जानकारी

उन्होंने आगे कहा कि गिरफ्तार किए गए आरोपी हत्या के प्रयास, डकैती और मादक पदार्थ की तस्करी करने जैसे संगठित आपराधिक गतिविधियों में शामिल थे। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में बताया कि इन आरोपियों के पास से चार हथियार- तीन पिस्तौल, एक डबल बैरल बंदूक और 26 कारतूस बरामद किए गए हैं।

आतंकी मॉड्यूल का एक सदस्य मंगलवार को हुआ था गिरफ्तार

अभी हाल में ही पंजाब पुलिस ने एक आतंकी मॉड्यूल के एक सदस्य को गिरफ्तार किया था, जो कथित तौर पर पाकिस्तान में बैठे आका से निर्देश ले रहा था। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी को जम्मू-कश्मीर में भय और अशांति पैदा करने के लिए लक्षित हत्याएं करने का काम सौंपा गया था। 

इनपुट-भाषा  

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।