1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. गणतंत्र दिवस परेड के लिए क्यों रिजेक्ट हुई पंजाब की झांकी? BJP ने बताई वजह

गणतंत्र दिवस परेड के लिए क्यों रिजेक्ट हुई पंजाब की झांकी? BJP ने बताई वजह

 Published : Dec 28, 2023 10:33 pm IST,  Updated : Dec 28, 2023 10:33 pm IST

भगवंत मान ने राज्य की झांकी को गणतंत्र दिवस परेड में शामिल नहीं किए जाने पर बुधवार को भाजपा नीत केंद्र सरकार की आलोचना की थी और उसे ‘पंजाब’ शब्द को राष्ट्रगान से हटाने की दिशा में एक कदम करार दिया था।

bhagwant mann- India TV Hindi
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान Image Source : PTI

चंडीगढ़: भाजपा की पंजाब इकाई ने मुख्यमत्री भगवंत मान पर गणतंत्र दिवस परेड में राज्य की झांकी को शामिल नहीं किए जाने पर राजनीति करने तथा राज्य की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर झांकी में उनकी और अरविंद केजरीवाल की तस्वीरें शामिल करने पर जोर दिए जाने आरोप लगाया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि झांकी को नहीं चुने जाने की एक वजह उसकी बनावट‘बेढब’ होना था। उन्होंने कहा, ‘‘दूसरा, आप सरकार इस बात पर अड़ी हुई थी कि केजरीवाल और भगवंत मान की तस्वीरें उसमें होनी चाहिए जिसे नियमानुसार अनुमति नहीं दी गई। पंजाब की झांकी नहीं चुने के कारणों में एक यह भी था।’’

CM मान ने लगाया था ये आरोप

भगवंत मान ने राज्य की झांकी को गणतंत्र दिवस परेड में शामिल नहीं किए जाने पर बुधवार को भाजपा नीत केंद्र सरकार की आलोचना की थी और उसे ‘पंजाब’ शब्द को राष्ट्रगान से हटाने की दिशा में एक कदम करार दिया था। मान ने कहा था, ‘‘यदि उनका वश चले तो वे तो राष्ट्र गान जन गण मन से ‘पंजाब’ शब्द भी हटा देंगे।’’ मान ने कहा था कि पिछले साल की भांति इस बार भी पंजाब की झांकी 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड का हिस्सा बनने नहीं जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया था, ‘‘केंद्र ने पंजाब के साथ भेदभाव किया है।’’ मुख्यमंत्री ने कहा था कि चुनी गयी झांकियों की सूची में पंजाब और दिल्ली दोनों नहीं हैं।

सुनील जाखड़ ने क्या कहा?

जाखड़ ने आज कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि मान ने इस मुद्दे को राजनीति के लिए चुना। उन्होंने कहा कि पंजाब सीमावर्ती एवं संवेदनशील राज्य है तथा मुख्यमंत्री अपने इस दावे से भावनाएं भड़काने की चेष्टा कर रहे हैं कि केंद्र पंजाब के साथ भेदभाव करता है। कांग्रेस से भाजपा में आए जाखड़ ने कहा कि सभी राज्यों की झांकी को हर साल गणतंत्र दिवस परेड में जगह नहीं मिल पाती है तथा कभी-कभी कुछ तकनीकी आधारों समेत विभिन्न कारणों से कुछ राज्यों की झांकी को शामिल नहीं किया जाता है। उन्होंने कहा कि पिछले 17 सालों में 2013, 2014,2015 और 2016 समेत नौ ऐसे मौके आये जब पंजाब की झांकी को गणतंत्र दिवस परेड में शामिल नहीं किया गया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘मान ने प्रधानमंत्री के लिए जिस भाषा का इस्तेमाल किया, वह निंदनीय है।’’

'पंजाब में BJP के लोग मोदी की झांकी लेकर सभी जगह जा रहे लेकिन...'

मान ने बुधवार को कहा था कि पूरी दुनिया पंजाब की समृद्ध संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम में पंजाबियों के योगदान को देखना चाहती है लेकिन केंद्र उसे प्रदर्शित करने वाली तथा भगतसिंह, लाला लाजपत राय एवं उधम सिंह को दिखाने वाली झांकी नहीं चाहती है। उन्होंने (विकसित भारत यात्रा की ओर इशारा करते हुए) कहा था, ‘‘लेकिन, पंजाब में भाजपा के लोग मोदी की झांकी लेकर सभी जगह जा रहे हैं लेकिन वे उस झांकी को पसंद नहीं करते जो मातृभूमि के प्रति पंजाबियों के बलिदान को दर्शाती है।’’

यह भी पढ़ें-

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।