1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. VIDEO: पंजाब में जोरदार धमाके से दहला बीजेपी नेता का घर, परिवार के लोग सदमे में, कई चीजें क्षतिग्रस्त

VIDEO: पंजाब में जोरदार धमाके से दहला बीजेपी नेता का घर, परिवार के लोग सदमे में, कई चीजें क्षतिग्रस्त

 Reported By: Puneet Pareenja, Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Apr 08, 2025 06:23 am IST,  Updated : Apr 08, 2025 07:51 am IST

बीजेपी नेता के घर में धमाका होने से परिवार के लोग काफी डर गए। जिस वक्त घर के बाहर धमाका हुआ। बीजेपी नेता घर पर ही मौजूद थे। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है।

बीजेपी नेता के घर पर धमाका- India TV Hindi
बीजेपी नेता के घर पर धमाका Image Source : INDIA TV

पंजाब के जालंधर जिले में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता मनोरंजन कालिया के घर में जोरदार धमाका हुआ है। जिस वक्त धमाका हुआ, बीजेपी नेता मनोरंजन कालिया घर पर ही मौजूद थे। बीजेपी नेता समेत परिवार के लोग इस घटना से काफी डर गए। पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है। इस मामले की जांच की जा रही है।

रात 1 बजे हुआ धमाका

घटना की जानकारी देते हुए बीजेपी नेता मनोरंजन कालिया ने कहा, 'रात करीब 1 बजे धमाका हुआ। मैं सो रहा था, मुझे लगा कि ये गड़गड़ाहट की आवाज है। बाद में मुझे बताया गया कि घर में धमाका हुआ है। इसके बाद मैंने अपने गनमैन को पुलिस स्टेशन भेजा। सीसीटीवी की जांच की जा रही है, फोरेंसिक विशेषज्ञ भी यहां मौजूद हैं।'

धमाके से घर की कई चीजें हुईं क्षतिग्रस्त

धमाका इतनी तेज हुआ कि इसकी आवाज पूरे इलाके में सुनाई दी। परिवार के लोग दहशत में आ गए। अभी ये पता नहीं चला कि कि धमाका किस चीज से किया गया है। धमाके से घर के आंगन में रखी कई चीजें क्षतिग्रस्त हो गईं। घर के दरवाजे, कार के शीशे आदि टूट गए। मोटरसाइकिल सहित कई अन्य चीजों को क्षति पहुंची है।

फोरेंसिक और पुलिस की टीम कर रही निरीक्षण

जालंधर के डीसीपी मनप्रीत सिंह ने कहा, ' बीजेपी नेता कालिया के घर पर हुए धमाके की जांच की जा रही है। पुलिस की एक टीम पहुंची हुई है। फोरेंसिक टीम भी निरीक्षण कर रही है। फोरेंसिक टीम इस पुरे घटनाक्रम की रिपोर्ट देगी। धमाका देर रात मनोरंजन कालिया के घर पर हुआ है।'

ग्रेनेड हमला या कुछ और जांच में चलेगा पता

जालंधर पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर का कहना है, 'रात करीब 1 बजे हमें यहां धमाके की सूचना मिली, जिसके बाद हम मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज पर भी नजर रख रहे हैं। फोरेंसिक टीम जांच कर रही है कि यह ग्रेनेड हमला है या कुछ और है। ये जांच के बाद ही बता चलेगा।'

 

पंजाब में बीजेपी के सीनियर नेताओं में से एक

बता दें कि मनोरंजन कालिया पंजाब के एक प्रमुख भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता और पूर्व मंत्री हैं। वे लंबे समय से राजनीति में सक्रिय हैं और जालंधर क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति के लिए जाने जाते हैं। वे पंजाब सरकार में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। पंजाब में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में से एक माने जाते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।