1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. भगवंत मान ने अपने ही मंत्री पर दिखाई सख्ती, लालजीत भुल्लर से लिया इस्तीफा; निष्पक्ष जांच के निर्देश

भगवंत मान ने अपने ही मंत्री पर दिखाई सख्ती, लालजीत भुल्लर से लिया इस्तीफा; निष्पक्ष जांच के निर्देश

 Reported By: Puneet Pareenja Edited By: Amar Deep
 Published : Mar 21, 2026 12:31 pm IST,  Updated : Mar 21, 2026 01:29 pm IST

पंजाब के सीएम भगवंत मान ने अपने मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर के खिलाफ कार्रवाई की है। हाल ही में एक वीडियो में उनपर आरोप लगाए गए थे, जिसके बाद सीएम ने उनका इस्तीफा ले लिया है और जांच के निर्देश दिए हैं।

भगवंत मान ने भुल्लर से लिया इस्तीफा।- India TV Hindi
भगवंत मान ने भुल्लर से लिया इस्तीफा। Image Source : PTI

चंडीगढ़: इस वक्त की बड़ी खबर पंजाब से सामने आ रही है। यहां पंजाब के सीएम भगवंत मान ने अपने ही मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर के खिलाफ कार्रवाई की है। सीएम मान ने भुल्ल का इस्तीफा ले लिया है। यह जानकारी पंजाब सीएमओ की तरफ से जारी की गई है। सीएमओ की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक एक विवादित वीडियो के मामले में पंजाब के सीएम भगवंत सिंह मान ने मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर का इस्तीफा ले लिया है। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को मामले की निष्पक्ष जांच कराने का निर्देश दिया है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कहा है कि ''किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।''

निष्पक्ष जांच के दिए निर्देश

जानकारी के मुताबिक अमृतसर में भंडारण निगम के एक जिला प्रबंधक की कथित आत्महत्या के मामले में यह एक्शन लिया गया है। लालजीत सिंह भुल्लर पंजाब की तरनतारन के पट्टी सीट से विधायक हैं। सीएम मान ने लालजीत सिंह भुल्लर का इस्तीफा लेने के बाद मुख्य सचिव को इस मामले की निष्पक्ष जांच करने का निर्देश दिया है। सीएम भगवंत मान ने कहा है कि इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दरअसल, इस मामले में लगातार विपक्ष की ओर से सरकार पर कार्रवाई का दबाव बनाया जा रहा था, जिसके बाद सीएम ने एक्शन लिया है। 

जिला प्रबंधक ने किया था सुसाइड

बता दें कि हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें  भंडारण निगम के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा यह कहते सुनाई दिए कि उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया है। गगनदीप सिंह रंधावा ने वीडियो में परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर का भी नाम लिया था। इससे पहले, शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने आरोप लगाया था कि रंधावा ने सल्फास खाकर आत्महत्या की। मजीठिया ने यह भी आरोप लगाया था कि दम तोड़ने से पहले रंधावा ने भुल्लर का नाम लिया था। 

यह भी पढ़ें-

'जो बंगाल को टारगेट करे वो जहन्नुम में जाए', ममता ने केंद्र पर साधा निशाना; ईद पर दी शुभकामनाएं

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।