1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाबियों को लेकर बयानबाजी पर प्रवेश वर्मा के खिलाफ बठिंडा में मानहानि का केस दर्ज, 28 जनवरी को होगी सुनवाई

पंजाबियों को लेकर बयानबाजी पर प्रवेश वर्मा के खिलाफ बठिंडा में मानहानि का केस दर्ज, 28 जनवरी को होगी सुनवाई

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Jan 26, 2025 09:06 pm IST,  Updated : Jan 26, 2025 09:07 pm IST

प्रवेश वर्मा ने कहा था कि दिल्ली में इन दिनों पंजाब के नंबर की गाड़ियां ज्यादा दिखाई दे रही हैं। उनके इस बयान की अरविंद केजरीवाल और भगवंत सिंह मान आलोचना कर चुके हैं। अब प्रवेश के खिलाफ केस दर्ज हुआ है।

parvesh verma- India TV Hindi
प्रवेश वर्मा Image Source : PTI

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के बीच बीजेपी नेता प्रवेश वर्मा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पंजाब में प्रवेश के खिलाफ मान हानि का मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले पर सुनवाई 28 जनवरी को होनी है। नई दिल्ली विधानसभा सीट से अरविंद केजरीवाल के खिलाफ चुनाव लड़ रहे प्रवेश वर्मा ने कहा था कि इन दिनों पंजाब की गाड़ियां दिल्ली में ज्यादा दिखने लगी है। उनका इशारा इस तरफ था कि पंजाब सरकार दिल्ली में आम आदमी पार्टी के चुनाव प्रचार में मदद कर रही है। हालांकि, इस बयान के बाद काफी बवाल हुआ और अब प्रवेश के खिलाफ मामला भी दर्ज किया जा चुका है।

बठिंडा अदालत में रविंदर सिंह नाम के व्यक्ति ने प्रवेश के खिलाफ मुकदमा किया है। इससे पहले उन्हें लीगल नोटिस भी भेजा जा चुका है। इस नोटिस में उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के लिए कहा गया था।

प्रवेश वर्मा ने क्या कहा था?

प्रवेश वर्मा ने कहा था कि इन दिनों दिल्ली में पंजाब के नंबर की गाड़ियां बड़ी संख्या में घूम रही हैं। इन गाड़ियों में कौन लोग हैं और वो क्या बड़ा करने वाले हैं। प्रवेश ने कहा था कि 26 जनवरी के दिन दिल्ली की सुरक्षा को खतरा है। उनके इस बयान का आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल ने विरोध किया था। इस पर केजरीवाल ने कहा था कि दिल्ली में लाखों पंजाबी रहते हैं। उनके पुरखों ने देश के लिए बलिदान दिया था। कई लोग विभाजन के समय सब छोड़कर दिल्ली आ गए थे। प्रवेश वर्मा का बयान इन लोगों का अपमान है।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा था कि दिल्ली देश की राजधानी है। यहां सभी राज्यों की गाड़ियां दिखती हैं। देश में किसी भी राज्य की गाड़ी कहीं भी जा सकती है। प्रवेश वर्मा पंजाबियों को चिह्नित करके ऐसे बोल रहे हैं, जैसे पंजाबी देश की सुरक्षा के लिए खतरा हैं। उनका बयान हर पंजाबी को पीड़ा और अपमान महसूस करा रहा है।

प्रवेश वर्मा ने भी भेजा था नोटिस

इस मामले पर प्रवेश वर्मा की तरफ से अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान को नोटिस भेजा गया था। इसमें कहा गया था कि प्रवेश वर्मा ने जो कहा, उसे तोड़ मरोड़कर उसका गलत अर्थ निकाला जा रहा है। दोनों को माफी मांगनी चाहिए और 100 करोड़ का जुर्माना भरना चाहिए। जुर्माने का पैसा दिल्ली के लोगों की भलाई में खर्च होगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।