1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. Farmers Protest: जिद पर अड़े डल्लेवाल, बोले-जब तक मांगें नहीं मानी जातीं, अनशन जारी रहेगा

Farmers Protest: जिद पर अड़े डल्लेवाल, बोले-जब तक मांगें नहीं मानी जातीं, अनशन जारी रहेगा

 Edited By: Kajal Kumari @lallkajal
 Published : Jan 28, 2025 04:45 pm IST,  Updated : Jan 28, 2025 04:45 pm IST

किसानों का विरोध प्रदर्शन तबतक जारी रहेगा, जबतक मांगें पूरी नहीं हो जातीं। डल्लेवाल बोले-अनिश्चितकालीन अनशन जारी रहेगा। जानें और क्या कहा?

जिद पर अड़े डल्लेवाल- India TV Hindi
जिद पर अड़े डल्लेवाल Image Source : PTI

पंजाब के किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल का अनशन पिछले 64 दिन से जारी है और वे जिद पर अड़े हुए हैं कि जब तक किसानों की मांगें नहीं मानी जातीं, तब तक अनिश्चितकालीन अनशन जारी रखेंगे। डल्लेवाल  ने मंगलवार को कहा कि जब तक केंद्र सरकार फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी सहित किसानों की मांगों को स्वीकार नहीं कर लेती तब तक मैं अनशन खत्म नहीं करूंगा। मंगलवार को डल्लेवाल ने खनौरी धरना स्थल पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पूरे देश को एमएसपी की जरूरत है और पंजाब को भी अपने भूमिगत जल स्तर को बचाने के लिए एमएसपी की जरूरत है।

26 नवंबर से भूख हड़ताल पर बैठे हैं डल्लेवाल

केंद्र सरकार ने 18 जनवरी को आंदोलनकारी किसानों को उनकी मांगों पर चर्चा करने के लिए चंडीगढ़ में 14 फरवरी को बैठक के लिए आमंत्रित किया था जिसके बाद से डल्लेवाल ने चिकित्सकीय सहायता लेनी शुरू कर दी लेकिन उन्होंने अपना अनशन अबतक समाप्त नहीं किया है।  डल्लेवाल फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी सहित विभिन्न मांगों को लेकर पिछले साल 26 नवंबर से खनौरी सीमा पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे हैं।

डल्लेवाल ने बताया क्यों ली चिकित्सा सहायता?

किसान नेता ने आंदोलन को समर्थन देने के लिए किसानों और श्रमिकों को धन्यवाद देते हुए कहा कि किसान मंचों ने केंद्र के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल से 14 फरवरी को बैठक के लिए निमंत्रण मिलने के बाद उनसे चिकित्सकीय सहायता लेने का अनुरोध किया था जिसके बाद उन्होंने यह सहायता लेना स्वीकार किया। डल्लेवाल ने कहा, ‘‘मैंने केवल चिकित्सकीय सहायता ली। (उसके बाद) उल्टियां आनी बंद हो गई हैं। मेरा आमरण अनशन जारी है और यह तब तक जारी रहेगा जब तक सरकार हमारी मांगें पूरी नहीं कर देती।’’

डल्लेवाल ने किसानों से की अपील

डल्लेवाल ने 14 फरवरी की बैठक में भाग लेने के सवाल पर कहा कि, ‘‘जाना तो चाहता हूं लेकिन स्वास्थ्य इसकी अनुमति नहीं दे रहा। मेरे पास जाने की ताकत नहीं है।’’ डल्लेवाल ने किसानों से 12 फरवरी को खनौरी धरना स्थल पर एकत्र होने की अपील की अगर सभी लोग आएंगे तो मुझे और ताकत मिलेगी। ईश्वर ने चाहा तो मैं (14 फरवरी को) बैठक में जाकर अपनी बात रख सकूंगा। इसलिए मैं आपसे आग्रह करता हूं कि 12 फरवरी को बड़ी संख्या में यहां एकत्र हों क्योंकि आपको देखकर मुझे ऊर्जा मिलती है।’’ 

(इनपुट-पीटीआई)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।