पंजाब में लगातार हो रही भारी बारिश की वजह से ब्यास नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है, जिससे कपूरथला जिले के सुल्तानपुर लोधी और भुलत्थ जैसे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। जिला प्रशासन ने रविवार को इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए हाई अलर्ट जारी कर उन्हें तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।
कपूरथला के उपायुक्त अमित कुमार पांचाल ने बताया कि भारी बारिश के कारण ब्यास नदी में जलस्तर बढ़कर 2.35 लाख क्यूसेक हो गया है। उन्होंने कहा कि लोगों की जान बचाना प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता है और इसीलिए प्रभावित इलाकों के लोगों को बिना देरी किए सुरक्षित जगहों पर चले जाना चाहिए।
बचाव कार्य में जुटीं सेना और एनडीआरएफ की टीमें
बाढ़ प्रभावित गांवों से लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए भारतीय सेना और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीमें लगातार काम कर रही हैं। सबसे ज्यादा प्रभावित गांवों में सुल्तानपुर लोधी और भुलत्थ इलाके शामिल हैं।
पंजाब के कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं, जिनमें पठानकोट, गुरदासपुर, फाजिल्का, कपूरथला, तरनतारन, फिरोजपुर, होशियारपुर और अमृतसर शामिल हैं। ये सभी जिले हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के जलग्रहण क्षेत्रों में हुई भारी बारिश के कारण सतलुज, ब्यास और रावी नदियों के उफान पर आने से प्रभावित हुए हैं।
मौसम विभाग ने भी कपूरथला जिले में और अधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिससे आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सभी निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है। (इनपुट- भाषा)
ये भी पढ़ें-
हरियाणा पुलिस के जवान ने डिफेंस एकेडमी में की फायरिंग, VIDEO सामने आने पर हुआ तलब
VIDEO: बच्ची के पीछे पड़ा सांप, एक महीने में 6 बार डसा, हर बार पैर पर छोड़ जाता है निशान