1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाब-हरियाणा में शीतलहर का प्रकोप, कई इलाकों में छाया रहा घना कोहरा

पंजाब-हरियाणा में शीतलहर का प्रकोप, कई इलाकों में छाया रहा घना कोहरा

 Published : Dec 25, 2023 01:52 pm IST,  Updated : Dec 25, 2023 01:58 pm IST

हरियाणा-पंजाब में शीतलहर का प्रकोप जारी है। सोमवार को दोनों राज्यों में घना कोहरा सुबह के समय देखा गया। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में कोहरे से राहत नही मिलेगी।

स्वर्ण मंदिर- India TV Hindi
अमृतसर में सोमवार को कोहरे के बीच स्वर्ण मंदिर में एक सेवादार पवित्र सरोवर की सफाई करता। Image Source : PTI

चंडीगढ़: पंजाब और हरियाणा के अधिकतर हिस्सों में सोमवार को कोहरा छाया रहा और दोनों राज्यों में तेज ठंड की स्थिति बनी रही। यहां मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार को सुबह दोनों राज्यों में कई स्थानों पर कोहरे के कारण दृश्यता कम हो गई। उन्होंने बताया कि सिरसा, भिवानी, अमृतसर, लुधियाना और पटियाला में घना कोहरा छाया रहा। पंजाब में रात का तापमान पठानकोट में 6.5 डिग्री, बठिंडा में 6.2 डिग्री, फरीदकोट में 7.5 डिग्री, गुरदासपुर में 6.7 डिग्री, अमृतसर में 7.2 डिग्री, लुधियाना में 7.1 डिग्री और पटियाला में 8.7 डिग्री दर्ज किया गया।

हरियाणा में भी बढ़ी सर्दी

दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के नारनौल में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि रोहतक में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा। फतेहाबाद में न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

रविवार को इतना था तापमान

इससे पहले पंजाब और हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में रविवार को ठंड का मौसम बना रहा। हिसार का बालसमंद हरियाणा का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद भिवानी  6 डिग्री सेल्सियस रहा। झज्जर में तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग की वेदर रिपोर्ट के मुताबिक, करनाल में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री दर्ज किया गया। नारनौल में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

पंजाब में बढ़ी सर्दी

वहीं, पंजाब में बठिंडा में ठंड का मौसम रहा जहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पटियाला में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।  अमृतसर और लुधियाना में भी रात ठंडी रही और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री दर्ज किया गया।  अधिकारियों ने कहा कि फरीदकोट और गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान समान रूप से 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।