1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाब के बटाला में गैंगवार, गैंगस्टर जग्गू की मां की गोली मारकर हत्या, ASI के बेटे को भी उतारा मौत के घाट

पंजाब के बटाला में गैंगवार, गैंगस्टर जग्गू की मां की गोली मारकर हत्या, ASI के बेटे को भी उतारा मौत के घाट

 Reported By: Puneet Pareenja, Edited By: Mangal Yadav
 Published : Jun 27, 2025 08:51 am IST,  Updated : Jun 27, 2025 10:43 am IST

बटाला के कादिया रोड पर स्कॉर्पियो पर अज्ञात लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से दो लोगों की मौत हो गई। हमले की जिम्मेदारी बंबीहा गैंग ने ली है।

गैंगस्टर जग्गू की मां की गोली मारकर हत्या- India TV Hindi
गैंगस्टर जग्गू की मां की गोली मारकर हत्या Image Source : INDIA TV

पंजाब के बटाला में गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। गोली लगने से पंजाब पुलिस के एक एएसआई के बेटे की भी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर अपराधी कामयाब रहे। जानकारी के मुताबिक, बटाला के कादिया रोड पर स्कॉर्पियो पर अज्ञात लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

स्कॉर्पियो पर अंधाधुंध फायरिंग

वारदात की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक स्कॉर्पियो रोड पर खड़ी है। इस बीच बाइक पर सवार दो लोग आते हैं और फायरिंग करना शुरू कर देते हैं। वीडियो में साफ देखा जा रहा है कि एक शख्स बाइक चालू किये हुए हैं और उस पर सवार व्यक्ति ड्राइवर को गोलियां मार रहा है। 

गोली लगने से गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां और पुलिसकर्मी के बेटे की मौत

गोली लगने से स्कॉर्पियो में सवार करनेवीर सिंह पुत्र प्रेम सिंह निवासी भिखोवाल थाना घूमण कला और उसकी एक रिश्तेदार हरजीत कौर निवासी भगवानपुर की मौत हो गई है। मृतक हरजीत कौर गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां थीं। करनेवीर सिंह पंजाब पुलिस में एएसआई का बेटा था। 

पुलिस ने बताया कि करनेवीर सिंह की मौके पर मौत हो गई। जबकि गाड़ी में मौजूद महिला हरजीत कौर गंभीर रूप से घायल होने के कारण बटाला से अमृतसर रेफर किया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान हरजीत कौर की मौत हो गई। करनेवीर सिंह हरजीत कौर का रिश्तेदार था। 

हरजीत कौर का रिश्तेदार था करनेवीर सिंह 

बटाला पुलिस के डीएसपी सिटी परमवीर सिंह ने बताया कि उन्हें फायरिंग होने की वारदात की सूचना मिली थी। जब मौके पर वह पहुंचे तो एक युवक की मौत हो गई थी। महिला गंभीर रूप से घायल थी। अमृतसर में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। डीएसपी ने यह पुष्टि नहीं की कि वह गैंगस्टर जग्गू की मां थी। डीएसपी ने बताया कि मृतक नौजवान के पिता पुलिस में एएसआई हैं और मृतक हरजीत कौर है उनकी रिश्तेदार थी।

सरकारी अस्पताल के डॉक्टर ने जानकारी देते हुए कहा कि एक युवक आया था जिसको गोलियां लगी थीं। युवक की अस्पताल आने से पहले ही मौत हो गई थी। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

बंबीहा गैंग ने ली हमले की जिम्मेवारी

गैंगस्टर जग्गू की मां और पुलिसकर्मी के बेटे की हत्या गैंगवार में हुई है। हत्या की जिम्मेदारी बंबीहा गैंग ने ली है। सोशल मीडिया पर बंबीहा गैंग ने लिखा कि बटाला में जो हत्या हुई है। इसकी ज़िम्मेवारी डोनी बल बिल्ला मांगा प्रभ दासूवाल और कौशल चौधरी लेते हैं।  ये जग्गू का सारा काम संभलता था। उसके भगोड़े आदमी, पैसे और हथियार ये ही संभालता था। आज हमने इसको मार कर अपने भाई गोरे बैरियर का बदला लिया है। जबकि इसको पता था कि गोरे का हमारे साथ कोई लेना देना नहीं था। 

रिपोर्ट-रक्षपाल सिंह, गुरदासपुर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।