Monday, February 23, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. लुधियाना में प्राइवेट अस्पताल ने सौंपा पिता का शव, अंतिम दर्शन के दौरान चेहरे से कपड़ा हटाया तो पैरों तले खिसक गई जमीन

लुधियाना में प्राइवेट अस्पताल ने सौंपा पिता का शव, अंतिम दर्शन के दौरान चेहरे से कपड़ा हटाया तो पैरों तले खिसक गई जमीन

Edited By: Khushbu Rawal @khushburawal2 Published : Nov 11, 2025 03:56 pm IST, Updated : Nov 11, 2025 03:56 pm IST

पंजाब के लुधियाना में एक प्राइवेट अस्पताल ने एक व्यक्ति की मौत के बाद उसके बेटे को एक अन्य महिला का शव पैक करके दे दिया गया। साथ ही उनसे कहा गया कि शव की पैकिंग को खोलना मत इस पर दवा लगाई गई है। लेकिन अंतिम दर्शन के दौरान पूरे मामले का खुलासा हो गया।

मृतक जोगिंदर सिंह की...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मृतक जोगिंदर सिंह की फाइल फोटो।

लुधियाना के एक प्राइवेट अस्पताल की बड़ी लापरवाही सामने आई है। अस्पताल प्रशासन ने मृतक के परिवार को उनके पिता की जगह एक महिला का शव पैक करके दे दिया। लेकिन अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटे परिवार को जब ये पता चला तो सब हैरान रह गए। परिवार से कहा गया था कि शव की पैकिंग को खोलना मत इस पर दवा लगाई गई है। इस घटना के बाद परिवार ने अस्पताल पर भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक लुधियाना के दुगरी इलाके में स्थित दीपक अस्पताल नामक एक प्राइवेट अस्पताल में गंभीर बीमारी के चलते 60 वर्षीय जोगिंदर सिंह का काफी दिनों से इलाज चल रहा था। जोगिंदर सिंह लुधियाना जिले से करीब 45 किलोमीटर दूर पड़ती तहसील जगराओं के गांव के रहने वाले थे, जिनका आज सुबह निधन हो गया।

अस्पताल ने शव की पैकिंग खोलने से किया था मना

मृतक जोगिंदर सिंह के बेटे जसवंत सिंह ने बताया कि आज सुबह अपने पिता की मौत के बाद उन्होंने अस्पताल का बकाया खड़ा बिल जमा करवाने के बाद जब अपने पिता की लाश मांगी, तो पहले तो अस्पताल वाले उनके इधर-उधर चक्कर कटवाते रहे। इसके बाद उन्होंने उनके पिता की जगह किसी बुजुर्ग महिला की लाश उन्हें सौंप दी। उस वक्त शव को इस वजह से चेक नहीं किया क्योंकि अस्पताल वालों ने उन्हें यह बोल रखा था कि उन्होंने मृतक के शव पर इंफेक्शन की वजह से एक खास तरह का मेडिकल केमिकल लगाया है और वो उनकी पैक किए गए शव को बिल्कुल भी न खोले और उसका ऐसे ही दाह संस्कार कर दे।

परिवार ने अस्पताल पर भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है।

Image Source : REPORTER INPUT
परिवार ने अस्पताल पर भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है।

बेटी ने पिता का चेहरा देखने की कर ली जिद

उनके परिवार को इस बात का पता तब चला जब शव को घर लाकर पूरा परिवार अंतिम संस्कार की तैयारियों में लगा हुआ था और मृतक की बेटी ने अपने पिता का आखिरी बार चेहरा देखने की जिद पकड़ ली। बहन के बार-बार कहने पर जब मृतक के बेटे ने चेहरे से कपड़ा हटाया तो उनके पैरों तले जमीन ही खिसक गई।  पूरा परिवार दंग रह गया कि यह उनके पिता की लाश नहीं, बल्कि किसी महिला की लाश है। उन्होंने इसे अस्पताल की एक बड़ी लापरवाही बताया।

जब बुजुर्ग महिला का शव लेने आया बेटा

उन्होंने बताया कि जब इस संबंध में उन्होंने अस्पताल के लोगों और एम्बुलेंस चालक से बात की, तो पहले तो वो अपनी किसी भी गलती को मान ही नहीं रहे थे फ़िर अंत में उन्होंने भी इसको लेकर अपनी हैरानी जताई। बाद में उन्होंने उसी एम्बुलेंस के माध्यम से महिला का शव वापस मंगवाते हुए उनके पिता की लाश उनके घर पहुंचाई। उस समय जिस बुजुर्ग महिला की लाश उनके घर पड़ी थी, उस मृतक महिला का बेटा भी मौके पर एम्बुलेंस के साथ ही आया और शव को बदलते हुए उसने भी इसे अस्पताल की एक बड़ी लापरवाही बताया और वहां से चला गया। हालांकि जब इस पूरे मामले को लेकर संबंधित अस्पताल प्रशासन से मीडिया ने बात करनी चाही तो उन्होंने कैमरे पर आकर कुछ भी बोलने से साफ़ इनकार कर दिया।

(रिपोर्ट- तुषार भारती)

यह भी पढ़ें-

दूल्हे का रंग था काला, दुल्हन ने शादी के 8 दिन बाद किया सुसाइड; रेलवे ट्रैक पर मिला शव

"बेटा, मुझे मत मार..मैं तेरी मां हूं", चिल्लाती रही महिला लेकिन बेटे ने कर दी बेरहमी से हत्या, खेत में गाड़ा शव

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement