1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. इसे कहते हैं हिम्मतवाला! खुद का पैर टूट गया, लेकिन मोबाइल छीनने वाले को भागने नहीं दिया

इसे कहते हैं हिम्मतवाला! खुद का पैर टूट गया, लेकिन मोबाइल छीनने वाले को भागने नहीं दिया

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Aug 20, 2025 08:11 pm IST,  Updated : Aug 20, 2025 10:00 pm IST

मोटरसाइकिल पर सवार दो लुटेरे एक शख्स का फोन छीन भागने लगे। मोहल्ले के दो नौजवानों ने लुटेरों को रोकने की कोशिश की, इस दौरान एक की टांग टूट गई।

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई पूरी घटना- India TV Hindi
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई पूरी घटना Image Source : REPORTER INPUT

पंजाब के मोगा के धर्मकोट में बेखौफ लुटेरों ने एक बार फिर लूट की वारदात को अंजाम दिया, जिसके बाद उन्हें रोकने की कोशिश कर रहे एक बहादुर नौजवान को गंभीर चोटें आईं। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। लोगों ने मौके पर एक लुटेरे को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसका दूसरा साथी फरार होने में कामयाब हो गया।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, यह घटना मंगलवार शाम की है, जब दीपक नाम का एक शख्स पैदल जा रहा था, तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो लुटेरों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया और तेजी से भागने लगे। दीपक के शोर मचाने पर मोहल्ले के दो नौजवानों ने लुटेरों को रोकने की कोशिश की। लुटेरों की मोटरसाइकिल तेज रफ्तार होने के कारण एक नौजवान उन्हें रोक नहीं पाया, लेकिन दूसरा नौजवान मुकंद ने बहादुरी दिखाते हुए मोटरसाइकिल के आगे आकर खड़ा हो गया। लुटेरों ने अपनी रफ्तार कम करने के बजाय मुकंद को जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर में मुकंद काफी दूर तक उछल गया और उसकी टांग टूट गई।

लोगों ने लुटेरे को पकड़ा

इस टक्कर के बाद लुटेरों की मोटरसाइकिल भी गिर गई। मौके का फायदा उठाकर एक लुटेरा भागने में सफल रहा, जबकि दूसरे को लोगों ने घेरकर पकड़ लिया। गुस्से में लोगों ने लुटेरे को एक खंभे से बांध दिया और उसकी जमकर पिटाई की। बाद में लोगों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

पीड़ितों का बयान

पीड़ित दीपक ने बताया, "मैं पैदल जा रहा था जब दो लुटेरों ने मेरा फोन छीन लिया। मैंने शोर मचाया तो मुकंद ने उन्हें रोकने की कोशिश की। लुटेरों ने जानबूझकर उस पर मोटरसाइकिल चढ़ा दी, जिससे उसकी टांग टूट गई।"

बहादुर नौजवान मुकंद अस्पताल में भर्ती हैं। उसने कहा, "हमारे मोहल्ले में लुटेरे किसी का मोबाइल छीनकर भाग रहे थे। जब मैंने शोर सुना तो उन्हें पकड़ने के लिए आगे आया। उन्होंने मुझे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मेरी टांग टूट गई। मेरा तो बिना मतलब के ही नुकसान हो गया।"

(रिपोर्ट- दीपक सिंगला)

ये भी पढ़ें-

CM आवास से सिर्फ 700 मीटर की दूरी पर रुका था रेखा गुप्ता को थप्पड़ मारने वाला राजेश, चौंकाने वाला खुलासा

70 साल के बुजुर्ग ने 65 साल की पत्नी को जहर देकर मार डाला, जब होने लगा पछतावा तो खुद भी खा लिया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।