1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. चंडीगढ़ में दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या, CCTV में नजर आया फायरिंग करता हमलावर

चंडीगढ़ में दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या, CCTV में नजर आया फायरिंग करता हमलावर

 Reported By: Puneet Pareenja, Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Mar 19, 2026 12:35 pm IST,  Updated : Mar 19, 2026 12:35 pm IST

चंडीगढ़ के सेक्टर 9 में दिनदहाड़े चमनप्रीत नाम के प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। CCTV में हमलावर फायरिंग करते दिखा और चमनप्रीत के दोस्त के मुताबिक हमले की जिम्मेदारी लकी पटियाल ने ली है।

Chandigarh murder case, Chandigarh murder, property dealer shot dead- India TV Hindi
हमलावर ने चमनप्रीत पर लगातार गोलियां दागीं। Image Source : REPORTER INPUT

चंडीगढ़: पंजाब एवं हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ में बुधवार की सुबह एक प्रॉपर्टी डीलर की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, चंडीगढ़ के सेक्टर 9 में जिम के बाहर प्रॉपर्टी डीलर 31 वर्षीय चमनप्रीत को दिनदहाड़े गोलियों से भून दिया गया। लाल शर्ट और हेलमेट पहने हमलावर ने पहले कार की पैसेंजर सीट के साइड से फायरिंग की, फिर जब चमनप्रीत बाहर निकलकर भागने की कोशिश करने लगा तो ड्राइवर साइड से लगातार गोलियां चलाईं।  CCTV फुटेज में साफ दिख रहा है कि हमलावर पहले पैसेंजर सीट की साइड आया, फिर ड्राइवर साइड घूमकर युवक पर हमला किया।

'चमनप्रीत के परिवार में मां, पिता और एक भाई'

चमनप्रीत जिस फॉर्च्यूनर एसयूवी में सवार होकर जिम आया था, उसमें कई गोलियों के निशान हैं और पैसेंजर सीट की साइड वाला शीशा पूरी तरह टूट गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, चमनप्रीत चंडीगढ़ के मुल्लापुर इलाके का रहने वाला था। वह प्रॉपर्टी डीलर का काम करता था और अभी उसकी शादी नहीं हुई थी। चमनप्रीत के परिवार में मां, पिता और एक भाई हैं। बताया जा रहा है कि परिवार को शुरुआत में घटना की खबर नहीं दी गई है। चमनप्रीत के बचपन के दोस्त और बिजनेस पार्टनर बलकार ने पूरी घटना के बारे में बताते हुए अपने ही पुराने साथी लकी पटियाल पर शक जताया है।

'लकी पटियाल ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है'

बलकार ने बताया, 'हम दोनों बचपन से साथ हैं। हमने एक साथ प्रॉपर्टी का बिजनेस भी शुरू किया था। 2 साल पहले हमने पंजाबी गायक बब्बू मान का एक कार्यक्रम आयोजित किया था। उसके बाद चमनप्रीत को धमकियां आने लगी थीं। धमकियां मिलने के बाद हमने कार्यक्रम करवाना बंद कर दिया था। लकी पटियाल ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। वह भी हमारा ही दोस्त था। पहले हमें उसके ऊपर कोई शक नहीं था, लेकिन कल जब लकी पटियाल का पोस्ट देखा तो पता चला कि इस वारदात के पीछे उसका ही हाथ है।' पुलिस अब CCTV फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर हत्या के इस मामले की जांच कर रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।