Punjab Municipal Election Results: पंजाब स्थानीय निकाय चुनाव में में आम आदमी पार्टी ने 958 सीटों पर जीत हासिल की है। वहीं, कांग्रेस 397 सीटें जीतकर दूसरी बड़ी पार्टी बनी है। बीजेपी भी यहां 172 सीटें जीतने में सफल रही है। पंजाब में कुल 1977 वार्ड हैं। शिरोमणी अकाली दल के उम्मीदवार 172 सीटों पर जीते हैं। वहीं, 251 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों को जीत मिली है। पंजाब में विधानसभा चुनाव अगले साल होने हैं। इससे पहले स्थानीय चुनाव के नतीजों से साफ हो चुका है कि यहां आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर होने वाली है। पिछले चुनाव की तुलना में कांग्रेस का प्रदर्शन खराब हुआ है, लेकिन सत्ताधारी पार्टी होने के नाते आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन भी सामान्य रहा है। वहीं, बीजेपी ने अच्छा प्रदर्शन किया है और अबोहर में पहली बार अपने दम पर मेयर बनाने का रास्ता साफ कर लिया है।
पंजाब के स्थानीय चुनाव में लगभग 64 प्रतिशत मतदान हुआ है। ये चुनाव 104 नगर निकायों में प्रतिनिधियों को चुनने के लिए हुए, जिनमें मोहाली, बठिंडा, अबोहर, बरनाला, कपूरथला, मोगा, बटाला और पठानकोट के 8 नगर निगम, 75 नगर परिषद और 20 नगर पंचायतें शामिल हैं। मतदान के दौरान, प्रतिद्वंद्वी दलों के सपोर्टर्स के बीच कुछ झड़पें भी हुईं, लेकिन पंजाब के चुनाव आयोग ने पुष्टि की है कि वोटिंग की प्रक्रिया काफी हद तक शांति से संपन्न हुई।
बता दें कि पंजाब में वोटों की गिनती के लिए 115 काउंटिंग सेंटर स्थापित किए गए, जहां नगर निगम, नगर काउंसिल और नगर पंचायतों समेत कुल 103 निकायों के वोटों की गिनती हुई। स्ट्रॉन्ग रूम और काउंटिंग सेंटर्स की निगरानी के लिए यहां सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। इसके साथ ही, भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया।
हर काउंटिंग सेंटर पर 10 से 14 टेबल लगे थे। हर टेबल पर 1 कांउटिंग सुपरवाइजर और 2 काउटिंग असिस्टेंट मौजूद रहे। काउंटिंग सेंटर्स में अनाधिकृत व्यक्तियों की एंट्री को रोकने के लिए मतगणना केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में पुलिस ने सुरक्षा घेरा बनाया। सिर्फ पास धारक कैंडिडेट्स और उनके काउंटिंग एजेंट्स को ही अंदर जाने की इजाजत थी।
क्लिक करके देखें मोहाली नगर निगम चुनाव का रिजल्ट