Highlights
- बीजेपी ने मोरिंडा नगर निगम चुनाव में धांधली और चुनाव 'हाइजैक' करने का लगाया आरोप।
- बीजेपी नेता ने राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया को ज्ञापन सौंपकर हस्तक्षेप की मांग की है।
- पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने भी चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए हाईकोर्ट जाने की बात कही।
चंडीगढ़: भारतीय जनता पार्टी की पंजाब यूनिट के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर मोरिंडा नगर निगम चुनाव में बड़े पैमाने पर धांधली करने का आरोप लगाया है। उन्होंने शनिवार को पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात कर पूरे मामले में हस्तक्षेप की मांग करते हुए एक ज्ञापन सौंपा। राज्यपाल से मुलाकात के बाद ढिल्लों ने कहा कि हाल में हुए नगर निगम चुनाव में जिस तरह की अनियमितताएं हुईं, वैसा पंजाब के 70 वर्षों के इतिहास में कभी नहीं देखा गया।
'चुनाव को दिनदहाड़े हाइजैक किया गया'
ढिल्लों ने आरोप लगाया कि जहां बीजेपी के पास बहुमत था, वहां सरकार समर्थित लोगों को जबरन अंदर भेजकर दरवाजे बंद कर दिए गए और अपने उम्मीदवारों को विजेता घोषित कर दिया गया। उनके मुताबिक, यह चुनाव दिनदहाड़े 'हाइजैक' किया गया। ढिल्लों ने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी के उम्मीदवारों को नामांकन दाखिल करने के दौरान भी परेशान किया गया। उन्होंने कहा कि पार्टी के उम्मीदवारों के वैध नामांकन पत्र जबरन खारिज कर दिए गए।
'कांग्रेस सत्ता में आने की गलतफहमी पाल रही'
ढिल्लों ने बताया कि राज्यपाल को पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए ज्ञापन सौंपा गया है और राजभवन से उन्हें सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। उन्होंने कहा कि बीजेपी हमेशा जनता के साथ खड़ी रही है और आगे भी लोगों के हितों के लिए आवाज उठाती रहेगी। वहीं, कांग्रेस पर निशाना साधते हुए ढिल्लों ने कहा,
'कांग्रेस की राजनीति केवल सत्ता की कुर्सी के इर्द-गिर्द घूमती है। पार्टी के अंदर चल रहा विवाद सिर्फ मुख्यमंत्री पद को लेकर है। कांग्रेस यह गलतफहमी पाल रही है कि वह सत्ता में आएगी, जबकि पंजाब में सरकार बीजेपी बनाएगी। भूपेश बघेल 5 बार आएं या 10 बार, कांग्रेस की गुटबाजी खत्म नहीं होगी और कोई फैसला नहीं निकल पाएगा।'
चन्नी ने भी लगाए थे चुनाव में धांधली के आरोप
बता दें कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने भी मोरिंडा नगर निगम चुनाव में धांधली के आरोप लगाए थे। चन्नी ने दावा किया कि नगर निगम की 15 में से 12 सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवारों की जीत हुई थी, लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने कांग्रेस पार्षदों को मतदान करने से रोक दिया और उनके साथ बल प्रयोग किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद एक निर्दलीय उम्मीदवार को विजेता घोषित कर दिया गया। चन्नी ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह प्रभावित किया गया है और कांग्रेस इस मामले को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में चुनौती देगी।
ये भी पढ़ें: अमरिंदर सिंह राजा वडिंग बने रहेंगे पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष, भूपेश बघेल बोले- 'ये कोई गुड्डा-गुड्डी का खेल नहीं'