1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पटियाला में सिख कार्यकर्ता पर फायरिंग, बाल-बाल बची जान; दो शातिर गिरोह के 5 अपराधी गिरफ्तार

पटियाला में सिख कार्यकर्ता पर फायरिंग, बाल-बाल बची जान; दो शातिर गिरोह के 5 अपराधी गिरफ्तार

 Edited By: Amar Deep
 Published : Dec 29, 2024 03:56 pm IST,  Updated : Dec 29, 2024 03:56 pm IST

पंजाब के पटियाला में सिख कार्यकर्ता पर फायरिंग का मामला सामने आया है। हालांकि इस फायरिंग में उनकी जान बच गई। वहीं एक अन्य मामले में दो शातिर गिरोह के पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है।

सिख कार्यकर्ता पर फायरिंग।- India TV Hindi
सिख कार्यकर्ता पर फायरिंग। Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

पटियाला: पंजाब के पटियाला जिले में अज्ञात हमलावरों ने सिख कार्यकर्ता बख्शीश सिंह की कार पर अचानक गोलीबारी कर दी। इस गोलीबारी में बख्शीश सिंह बाल-बाल बच गए। पुलिस ने बताया कि यह घटना अर्बन एस्टेट के पास पटियाला साउथ बाईपास रोड पर देर रात करीब डेढ़ बजे घटी। पटियाला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नानक सिंह के अनुसार घटना की जांच की जा रही है और अर्बन स्टेट पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। 

'बंदी सिंहों' का उठाते हैं मुद्दा

पुलिस सूत्रों के अनुसार बाबा बख्शीश सिंह समाना के पास गुरुद्वारा करहाली साहिब से एसएसटी नगर स्थित अपने आवास पर लौट रहे थे। इसी बीच अज्ञात हमलावरों ने उनकी कार पर गोलीबारी की। बख्शीश सिंह 'बंदी सिंहों' सहित विभिन्न मुद्दों को उठाते रहे हैं। सूत्रों के अनुसार बख्शीश सिंह की कार पर दो या तीन गोलियां चलाई गईं, लेकिन वह सुरक्षित बच निकलने में सफल रहे। 'बंदी सिंह' वे लोग हैं जिनके बारे में शिरोमणि अकाली दल जैसे राजनीतिक दलों का दावा है कि वे अपनी सजा पूरी होने के बाद भी जेलों में हैं।

पांच बदमाश गिरफ्तार

बता दें कि एक अन्य मामले में पंजाब पुलिस ने जग्गू भगवानपुरिया और अमृतपाल बाठ गिरोह के पांच सहयोगियों को गिरफ्तार किया है, जिन पर लक्षित हत्याओं की योजना बनाने का आरोप है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के पास से चार हथियार भी बरामद किये गये हैं। पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने 'एक्स' पर कहा, "एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए तरन तारन पुलिस ने जग्गू भगवानपुरिया और अमृतपाल बाठ गिरोह के पांच साथियों को गिरफ्तार किया है तथा उनके पास से नौ एमएम की एक ग्लॉक पिस्तौल समेत चार हथियार जब्त किए हैं।" 

उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपियों ने लक्षित हत्या की योजना बनाई थी। पुलिस महानिदेशक ने कहा, "तरन तारन क्षेत्र में गिरोह द्वारा हाल ही में की गई हत्या में शामिल शूटर के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। यह उनके गिरोह की पहचान करने में एक बड़ी सफलता है।" उन्होंने कहा कि उनके संबंधों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें- 

ओडिशा में बड़ा हादसा! श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, 4 की मौत; 40 लोग घायल

मुंबई: समंदर में एक और हादसा, मछुआरों की बोट और कार्गो शिप की हुई टक्कर, देखें वीडियो

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।