1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. आतंकी संगठन 'खालिस्तान लिबरेशन फोर्स' के दो सदस्य गिरफ्तार, विदेशी आकाओं के इशारे पर कर रहे थे काम

आतंकी संगठन 'खालिस्तान लिबरेशन फोर्स' के दो सदस्य गिरफ्तार, विदेशी आकाओं के इशारे पर कर रहे थे काम

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Nov 08, 2025 06:56 pm IST,  Updated : Nov 08, 2025 06:56 pm IST

पंजाब पुलिस ने बताया कि दोनों लोग आतंकवादी संगठन खालिस्तान लिबरेशन फोर्स से जुड़े हुए थे। वह विदेश में बैठे आकाओं के आदेश पर काम कर रहे थे। दोनों के पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं।

KLF- India TV Hindi
आतंकियों के पास बरामद हथियार Image Source : X/@DGPPUNJABPOLICE

पंजाब में पुलिस ने आतंकवादी संगठन खालिस्तान लिबरेशन फोर्स (केएलएफ) से जुड़े दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार शनिवार को अमृतसर के दो निवासियों को  आतंकवादी संगठन से कथित जुड़ाव के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि वे अपने विदेशी आकाओं के निर्देश पर काम कर रहे थे और पंजाब में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए सीमा पार से अवैध हथियार मंगवाए थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धारीवाल गांव के बिक्रमजीत सिंह और सैसरा कलां गांव के करणबीर सिंह के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से एक विदेश निर्मित 30 कैलिबर पीएक्स5 पिस्तौल, एक 30 कैलिबर पिस्तौल, एक विदेश निर्मित 45 कैलिबर पिस्तौल, एक 32 कैलिबर पिस्तौल और एक रिवॉल्वर और 20 कारतूसो जब्त किए गए हैं।

मलकीत सिंह हत्याकांड में शामिल थे आरोपी

पुलिस ने बताया कि दोनों अमृतसर के राजा सांसी में मलकीत सिंह नामक व्यक्ति की हत्या में भी कथित रूप से शामिल थे। 1 नवंबर को धारीवाल गाव में अपने पिता के साथ खेतों में काम कर रहे मलकीत सिंह पर दो अज्ञात लोगों ने गोलीबारी की थी। मलकीत सिंह ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। पंजाब पुलिस प्रमुख गौरव यादव ने कहा कि बिक्रमजीत सिंह आतंकवादी संगठन खालिस्तान लिबरेशन फोर्स से जुड़ा है और उसका आपराधिक इतिहास रहा है, जिस पर विस्फोटक अधिनियम और शस्त्र अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि वह 2018 में राजा सांसी स्थित एक धार्मिक स्थल पर हुए ग्रेनेड हमले में भी शामिल था।

सीमा पार से मंगाए थे अवैध हथियार

पुलिस अधिकारी के अनुसार प्रारंभिक जांच से पता चला है कि अपने विदेशी आकाओं के निर्देश पर बिक्रमजीत ने पंजाब में सनसनीखेज अपराधों को अंजाम देने के लिए सीमा पार से अवैध हथियार मंगवाए थे। पुलिस उप महानिरीक्षक (बॉर्डर रेंज) संदीप गोयल ने कहा कि विश्वसनीय सूचनाओं के आधार पर, अमृतसर (ग्रामीण) की पुलिस टीमों ने धारीवाल गांव में गुरुद्वारा साहिब के पास से बिक्रमजीत को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि बिक्रमजीत द्वारा किए गए खुलासे के आधार पर, पुलिस ने कुकरनवाला के पास अड्डा से करणबीर को गिरफ्तार किया। डीआईजी ने दावा किया कि पंजाब पुलिस ने इन दो केएलएफ कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के साथ राज्य में सनसनीखेज अपराधों को विफल कर दिया है। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें-

पंजाब में 2100 से ज्यादा युवाओं को मिली सरकारी नौकरी, सीएम भगवंत मान ने सौंपे नियुक्ति पत्र

मोगा के बाबा का टोटका फेल, महिला की तबीयत बिगड़ने पर बोला- आज रास्ता नहीं दिखा; VIDEO वायरल

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।