चंडीगढ़ः पंजाब के बटाला में सोमवार देर रात कुछ अज्ञात लोगों ने तीन लोगों पर गोली चला दी, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और एक घायल हो गया। यह घटना श्री हरगोबिंदपुर उपमंडल के भोमा गांव में हुई। बटाला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) महताब सिंह ने बताया कि टहलने निकले तीन लोगों पर अज्ञात लोगों ने गोली चला दी।
मृतकों की हुई पहचान
एसएसपी महताब सिंह के अनुसार, मृतकों की पहचान कश्मीर सिंह और जुगराज सिंह के रूप में हुई है। घायल व्यक्ति की पहचान जुगराज सिंह नाम के एक अन्य व्यक्ति के रूप में हुई है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महताब सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि इस घटना में रंगदारी मांगने या किसी धमकी भरे फोन का कोई पहलू नहीं है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस अधिकारी ने कहा कि मामले की जांच चल रही है और इलाके के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि दोषियों का जल्द ही पता लगा लिया जाएगा। पुलिस ने गहन जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
पंजाब का कुख्यात गैंगस्टर कुल्लू से गिरफ्तार
इससे पहले पंजाब के एक कुख्यात गैंगस्टर और उसके सात साथियों को शनिवार को हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई पंजाब की अपराध जांच एजेंसी (सीआईए) ने राज्य पुलिस के समन्वय से की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों की पहचान पंजाब के गैंगस्टर हरप्रीत सिंह और उसके साथियों राम सिंह, गुरप्रीत सिंह, सतनाम उर्फ सागर, सिकंदर, राजबिंदर, कोमल और तलविंदर कौर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, हरप्रीत के खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।