जयपुर: राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण से 20 और मरीजों की मौत से राज्य महामारी से जान गंवाने वालों का आंकड़ा 2,468 तक पहुंच गया है, वहीं राज्य में संक्रमण के 1604 नये मामले आये जिससे राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 2,84,116 हो गई। अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार शाम छह बजे तक के बीते 24 घंटों में राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से 20 और मौत हुई हैं।
Related Stories
अधिकारियों ने बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण से सोमवार को जयपुर व कोटा में चार-चार व अजमेर, नागौर, पाली में दो-दो, भरतपुर,दौसा, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, सीकर में एक-एक और संक्रमित मरीजों की मौत हो गई। राज्य में अब तक जयपुर में 463, जोधपुर में 257, अजमेर में 202, बीकानेर में 164, कोटा में 151, भरतपुर में 115, उदयपुर में 105, और पाली में 97 संक्रमितों की मौत हो चुकी हैं।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को राज्य में 2380 लोग कोरोना वायरस संक्रमण से ठीक हुए। इसके साथ राज्य में अब तक कुल 2,60,773 मरीज ठीक हो चुके हैं। इसके साथ ही सोमवार को संक्रमण के 1604 नये मामले सामने आने से राज्य में इस घातक वायरस से संक्रमितों की अब तक की कुल संख्या 2,84,116 हो गयी जिनमें से 20,875 रोगी उपचाराधीन हैं। नये मामलों में जयपुर में 465, जोधपुर में 187, अजमेर में 140, उदयपुर में 134, भरतपुर में 81, कोटा में 66 नये संक्रमित शामिल हैं।