1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. दोस्त की हत्या कर खाटू श्याम पहुंचे आरोपी, फिर YouTube पर खोजा पुलिस से बचने का तरीका

दोस्त की हत्या कर खाटू श्याम पहुंचे आरोपी, फिर YouTube पर खोजा पुलिस से बचने का तरीका

 Written By: Vineet Kumar Singh @VickyOnX
 Published : Jul 28, 2026 09:25 am IST,  Updated : Jul 28, 2026 10:56 am IST

राजस्थान की राजधानी जयपुर के बिंदायका इलाके में शराब के बिल और पार्टी के खर्च को लेकर विवाद के बाद 2 युवकों ने अपने दोस्त दिनेश की हत्या कर दी। पुलिस ने 300 से ज्यादा CCTV कैमरों की मदद से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Jaipur Murder Case, Rajasthan Crime News, Khatu Shyam Visit- India TV Hindi
शराब के बिल को लेकर हुए विवाद में 2 युवकों ने अपने एक दोस्त की हत्या कर दी। Image Source : ANI

Highlights

  • शराब के बिल और पार्टी के खर्च को लेकर विवाद के बाद 2 लोगों ने अपने दोस्त की हत्या कर दी।
  • पुलिस ने 300 से ज्यादा CCTV कैमरों की जांच के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
  • हत्या के बाद आरोपी माफी मांगने खाटू श्याम पहुंचे, फिर पुलिस से बचने के तरीके यूट्यूब पर खोजे।

जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में शराब के बिल और पार्टी के खर्च को लेकर हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। पश्चिम जयपुर के बिंदायका इलाके के एक होटल में 2 साथियों ने अपने ही दोस्त का गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान दिनेश के रूप में हुई है। वहीं, पुलिस ने इस मामले में संजय कुमार कसोटिया और नितेश गवारिया को गिरफ्तार किया है। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने 300 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और कई अन्य जांच तकनीकों का इस्तेमाल किया।

पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की बात स्वीकारी

पश्चिम जयपुर के DCP प्रशांत किरण ने बताया कि 25 जुलाई को पुलिस को बिंदायका स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। उन्होंने बताया,

'जांच में पता चला कि मृतक के साथ 2 अन्य लोग भी होटल के कमरे में ठहरे हुए थे, लेकिन वे उसे वहीं छोड़कर चले गए और काफी समय तक वापस नहीं लौटे। बाद में पता चला कि दोनों आरोपी संजय कुमार कसोटिया और नितेश गवारिया अपने-अपने घरों से भी फरार थे और उनके मोबाइल फोन बंद थे। 300 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज और अन्य जांच के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया है।'

दिनेश के गमछे से घोंट दिया उसी का गला

DCP ने बताया कि जांच में सामने आया कि दिनेश, नितेश का दूर का रिश्तेदार और संजय का दोस्त था। दिनेश को पैसों की जरूरत थी और उसने कर्ज लेने के लिए संजय से मिलने का कार्यक्रम बनाया था। इसी सिलसिले में तीनों ने होटल में एक कमरा लिया था। उन्होंने कहा, 

'बैठक के दौरान तीनों ने शराब और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन किया। इसी दौरान शराब के बिल का भुगतान कौन करेगा और पार्टी कितनी देर तक चलेगी, इस बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। इसके बाद दोनों आरोपियों ने दिनेश के गले में पड़े गमछे से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी।'

माफी मांगने खाटू श्याम पहुंचे थे आरोपी

पुलिस के अनुसार, हत्या करने के बाद दोनों आरोपी होटल से फरार हो गए। जांच में उनके मोबाइल फोन की जानकारी से पता चला कि वे खाटू श्याम गए थे, जहां वे अपने किए गए अपराध की माफी मांगने पहुंचे थे। DCP प्रशांत किरण ने बताया,

'मोबाइल फोन की जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने यूट्यूब पर पुलिस से बचने के तरीके खोजे थे। उन्होंने यह भी सर्च किया था कि मौत के बाद शव में किस तरह के शारीरिक बदलाव आते हैं और हत्या के बाद कानून से कैसे बचा जा सकता है।'

फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है। बता दें कि हाल ही में राजस्थान से ही एक और ऐसी खबर सामने आई थी जिसमें दोस्त ने उधार देने से मना किया तो शख्स ने शराब पिलाकर उसकी हत्या कर दी थी

ये भी पढ़ें: गांव में बनी पानी की टंकी में 2 बच्चों को फेंकने के बाद पति-पत्नी ने भी लगाई छलांग, चारों की मौत, चिल्लाते रहे लोग

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।