1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. बिना कपड़ों के छात्राओं के साथ नहाता दिखा प्रिंसिपल, ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस ने शुरू की जांच

बिना कपड़ों के छात्राओं के साथ नहाता दिखा प्रिंसिपल, ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस ने शुरू की जांच

 Written By: Shakti Singh
 Published : Aug 23, 2026 09:50 am IST,  Updated : Aug 23, 2026 09:50 am IST

वीडियो में देखा जा सकता है कि प्रिंसिपल स्कूल की छात्राओं के साथ बांध के पानी में नहा रहे हैं। वहीं, स्कूल के ही बच्चे पूरी घटना का वीडियो बना रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद प्रिंसिपल का विरोध हो रहा है।

School- India TV Hindi
स्कूल प्रिंसिपल पर लगे गंभीर आरोप Image Source : REPORTER INPUT

राजस्थान के अलवर से एक स्कूल के प्रिंसिपल का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वह स्कूल की छात्राओं के साथ बांध में नहाने नजर आ रहे हैं। घटना का वीडियो सामने आने के बाद गांव के लोगों ने प्रिंसिपल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर जांच भी शुरू कर दी है। हालांकि, अब तक पुलिस के पास किसी भी छात्रा या उनके परिजनों ने शिकायत नहीं की है। इस वजह से प्रिंसिपल के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई है।

घटना थानागाजी के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पड़ाकछापली की है। स्कूल के प्रिंसिपल का आपत्तिजनक वीडियो सामने आने के बाद शनिवार को हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो में प्रिंसिपल 9वीं से 12वीं कक्षा की छात्राओं के साथ बांध में नहाता दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रिंसिपल तैराकी सिखाने और भ्रमण के बहाने बच्चों को भड़ाज बांध ले गया, जहां वह छात्राओं के साथ अठखेलियां करता नजर आया।

15 अगस्त को हुई घटना

जानकारी के अनुसार 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के बाद स्कूल के छात्र-छात्राओं को जंगल के रास्ते करीब दो किलोमीटर दूर बांध पर ले जाया गया। इनमें करीब 20 से 25 बड़ी बालिकाएं भी शामिल थीं। आरोप है कि बच्चों को बिना लाइफ जैकेट और पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम के पानी में उतारा गया, जबकि कई बच्चों को तैरना नहीं आता था।

पहले भी डूब चुके हैं लोग

ग्रामीणों के अनुसार बांध की पाल करीब 5-6 फीट चौड़ी है और यहां पहले भी डूबने की घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीणों व प्रशासन के अनुसार करीब चार साल से यहां जाने पर पाबंदी है। इसके बावजूद बच्चों को बांध पर ले जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

पुलिस ने प्रिंसिपल का बयान दर्ज किया

वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीण स्कूल पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने प्रिंसिपल के बयान दर्ज किए। थाना प्रभारी राजकुमार मीणा ने बताया कि अभी तक किसी छात्र, छात्रा या अभिभावक की लिखित शिकायत नहीं मिली है। वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शकुंतला यादव ने बताया कि बालिकाओं, प्रिंसिपल और अभिभावकों से जानकारी ली गई है। अब टीम पूरे मामले की जांच करेगी।

(अलवर से नेहा की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

जयपुर में AYUSH PG परीक्षा के दौरान 15 मिनट रही बिजली, 2 घंटे ठप रहे कंप्यूटर; 200 से ज्यादा अभ्यर्थियों का हंगामा

जयपुर में CJP कार्यकर्ताओं पर हमला, आशुतोष रांका बोले- 'भैंसों के तबेले में चल रहा स्कूल, हम ठीक करवाने की कोशिश कर रहे'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।