1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. जयपुर में CJP कार्यकर्ताओं पर हमला, आशुतोष रांका बोले- 'भैंसों के तबेले में चल रहा स्कूल, हम ठीक करवाने की कोशिश कर रहे'

जयपुर में CJP कार्यकर्ताओं पर हमला, आशुतोष रांका बोले- 'भैंसों के तबेले में चल रहा स्कूल, हम ठीक करवाने की कोशिश कर रहे'

 Reported By: Manish Bhattacharya Written By: Shakti Singh
 Published : Aug 21, 2026 10:52 am IST,  Updated : Aug 21, 2026 11:21 am IST

सीजेपी कार्यकर्ता स्कूल पहुंचे थे, लेकिन उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें गांव से बाहर कर दिया गया। सीजेपी ने आरोप लगाया है कि भाजपा के गुंडों ने उनके साथ मारपीट की।

Jaipur Video- India TV Hindi
जयपुर में सीजेपी कार्यकर्ताओं पर हमला Image Source : X/ASHUTOSHRANKA

राजस्थान के जयपुर में सरकारी स्कूल का निरीक्षण करने गए सीजेपी के कार्यकर्ताओं को स्थानीय लोगों ने रोक दिया। जयपुर के रामपुरा, कंवरपुरा गांव के लोगों ने सीजेपी के कार्यकर्ताओं को रोककर जबरदस्त प्रोटेस्ट किया। हमला करने वाले लोगों ने सीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ धक्का-मुक्की करते हुए उन्हें गांव के बाहर निकाल दिया। स्थानीय लोगों ने सीजेपी मुर्दाबाद, अभिजीत दीपके मुर्दाबाद के नारे लगाए। ग्रामीणों का कहना है कि जो लोग श्रीराम का अपमान करते हैं, उनकी जरूरत नहीं है।

बगरू क्षेत्र के रामपुरा-कंवरपुरा गांव स्थित राजकीय प्राथमिक स्कूल में शुक्रवार को CJP कार्यकर्ता स्कूल की व्यवस्थाओं और भवन की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे। इन कार्यकर्ताओं का ग्रामीणों ने विरोध किया और उन्हें स्कूल से वापस जाने को कहा। इसके बाद ग्रामीण सीजेपी के खिलाफ धरने पर बैठ गए। सीजेपी की टीम का आरोप है कि स्कूल की बदहाल स्थिति को सामने लाने के लिए कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे थे, लेकिन ग्रामीणों ने उनका विरोध किया और उनके साथ धक्का-मुक्की की। सीजेपी की ओर से इस घटना के पीछे राजनीतिक दबाव होने का भी आरोप लगाया गया है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

स्कूल की समस्या से परेशान हैं ग्रामीण

ग्रामीणों का कहना है कि गांव के सरकारी स्कूल की समस्याओं से वे खुद लंबे समय से परेशान हैं, लेकिन स्कूल के मुद्दे को राजनीतिक रूप देने के खिलाफ हैं। ग्रामीणों ने बाहरी लोगों के स्कूल परिसर में आकर गतिविधियां करने पर भी आपत्ति जताई। बताया जा रहा है कि स्कूल भवन लंबे समय से जर्जर हालत में है। भवन की स्थिति खराब होने के चलते बच्चों की पढ़ाई वैकल्पिक व्यवस्था में कराई जा रही है। ग्रामीणों की मांग है कि सरकार स्कूल भवन की मरम्मत या नए भवन का निर्माण जल्द कराए, ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

धरने के बाद माहौल गरमाया

सीजेपी कार्यकर्ताओं के विरोध और ग्रामीणों के धरने के बाद गांव में माहौल गरमा गया। फिलहाल मामला स्कूल की बदहाली से निकलकर राजनीतिक टकराव का रूप लेता नजर आ रहा है। आशुतोष रांका ने सीजेपी कार्यकर्ताओं पर हमले का वीडियो शेयर किया है। उन्होंने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "रामपुरा, कंवरपुरा स्थित सरकारी स्कूल पिछले कई सालों से भैंसों के तबेले में चल रहा है। मैं अभी वहीं पहुंच रहा हूं, लेकिन हमारी टीम के कुछ साथी जो वहां पहुंचे हुए थे, उनके साथ भाजपा के गुंडे फिर मारपीट पर उतर आए। भाजपा को हमारे बच्चे भैंसों के तबेले में पढ़ते रहे, यह मंजूर है, लेकिन इन स्कूलों को अगर हम ठीक करवाने की कोशिश करें यह मंजूर नहीं है। इससे शर्मनाक बात क्या हो सकती है?"

मदन दिलावर पर लगाए आरोप

आशुतोष रांका ने मारपीट का वीडियो शेयर करते हुए एक्स पर लिखा, "आज घृणा की सारी हदें पार हो गई हैं। रामपुर, कंवरपुरा में पिछले काफी सालों से स्कूल भैंसों के तबेले में चल रहा है, लेकिन जब हम वहां निरीक्षण करने पहुंचे तो सरेआम मारपीट, पत्थरबाजी की गई। कार के शीशे फोड़े गए, टीम पर पत्थर बरसाये गए। कपड़े फाड़े गए। ट्यूब में पत्थरह टीम को मारा गया। मेरे कपड़े फाड़े गए। यह सब मदन दिलावर के कहने पर हुआ है। मदन दिलावर को बच्चे भैंसों के तबेले में ही रहें, यह मंजूर है, लेकिन स्कूल ठीक हो जाए, यह मंजूर नहीं। मदन दिलावर जी- आपने आज गुंडे भेजकर पूरे देश में राजस्थान को शर्मसार कर दिया। लेकिन हम इस गुंडागर्दी से डरने वाले लोग नहीं है। स्कूल तो ठीक कराने ही होंगे।"

सीजेपी के कई कार्यकर्ता चोटिल

इस घटना में कई सीजेपी वालंटियरों के चोटिल होने की खबर है। सीजेपी के विरोध में नारे लगाते हुए लोग स्कूल के बाहर धरने पर बैठ गए। गांव के मेन रास्ते पर ट्रैक्टर ट्रॉली खड़ा कर घेराबंदी कर दी और जैसे ही सीजेपी के वालंटियर नजर आए विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी शुरू हो गई। विरोध कर रहे लोगों ने अभिजीत दीपके मुर्दाबाद, सीजेपी मुर्दाबाद के नारे लगाए।

यह भी पढ़ें-

6 दिन बाद भी नहीं मिला अग्निवीर समुद्र गुर्जर, रक्षाबंधन पर घर आने वाला था 2 बहनों का इकलौता भाई; अरुणाचल में बादल फटने से लापता

मंदिर जा रहीं पूर्व पार्षद को नगर निगम के ही डंपर ने कुचल दिया, मौके पर मौत; पति का हाथ टूटा- VIDEO

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।