राजस्थान के कोटा में एक दर्दनाक हादसा हो गया जिसमें नगर निगम के डंपर ने नगर निगम की ही पूर्व पार्षद को कुचल दिया। नगर निगम के डंपर ने स्कूटी सवार पूर्व पार्षद रेणु नरवाला को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कूटी चला रहे पूर्व पार्षद के पति धनराज नरवाला के हाथ में फ्रैक्चर और मुंह पर चोट आई।
सड़क पर गिरीं, पीछे से आए डंपर ने कुचल दिया
दोनों खड़े गणेश मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। इस दौरान जवाहर नगर इलाके में सड़क किनारे चल रही महिला से टकराकर स्कूटी गिर गई। पूर्व पार्षद के सड़क पर गिरने पर पीछे से आए डंपर ने कुचल दिया। पूर्व पार्षद के ससुर शंकर नरवाला ने आरोप लगाया कि नगर निगम के डंपर ड्राइवर की लापरवाही से हादसा हुआ। डंपर का इंश्योरेंस खत्म होने के बाद भी वह सड़क पर चल रहा था। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
CCTV में कैद हुआ भयावह हादसा
मामला दादाबाड़ी थाना इलाके का है। जानकारी के अनुसार कि पूर्व पार्षद रेनू नरवाला पति धनराज नरवाला के साथ मंदिर जा रही थीं। इस दौरान जवाहर नगर में हनुमान मंदिर के सामने सड़क किनारे ई-रिक्शा खड़ा था। उसके पास से एक महिला पैदल जा रही थी। महिला के पास से निकलते समय स्कूटी उसके हाथ से टकराकर गिर गई। स्कूटी के गिरते ही पूर्व पार्षद रेनू नरवाला सड़क पर गिर गई और पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने उनको कुचल दिया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग दौड़कर आए। डंपर ड्राइवर मौके से भागने लगा, लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया। लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से शव को एमबीएस हॉस्पिटल की मॉच्युर्री में रखवाया। हादसे में घायल धनराज नरवाला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पोस्टमार्टम कराने से इनकार, बाद में बनी सहमति
हादसे की जानकारी मिलने पर समाज के लोग हॉस्पिटल की मॉच्युर्री के बाहर जमा हो गए और मांगों को लेकर शव लेने व पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया। सूचना पर लाडपुरा तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर लोगों से बात की। इस दौरान नयापुरा और दादाबाड़ी थाना पुलिस भी मौके पर तैनात रही। ASI घासीलाल ने बताया कि परिजनों ने डंपर ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने की शिकायत दी है। इसके बाद डंपर को जब्त कर ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।
बाद में प्रशासन और पीड़ित परिवार के बीच मुआवजे को लेकर सहमति बन गई। प्रशासन ने निगम के ठेकेदार से 20 लाख रुपए का चेक पीड़ित परिवार को दिलवाया और परिवार के सदस्य को संविदा पर नौकरी देने का भी आश्वासन दिया।
कांग्रेस से 2 बार रहीं पार्षद
रेणु नरवाला कांग्रेस से लगातार दो बार वार्ड पार्षद रह चुकी थीं। रेणु साल 2020 में कोटा नगर निगम उत्तर के चुनाव में वार्ड नंबर 67 से पार्षद बनी थीं। इस बार भी निगम चुनाव में वार्ड 41 से पार्षद के लिए दावेदारी कर रही थीं। उनके ससुर शंकर नरवाला कांग्रेस नेता और पूर्व पार्षद हैं। वे कांग्रेस में पूर्व जिला उपाध्यक्ष भी रहे हैं। इस घटना को लेकर कांग्रेस जिला अध्यक्ष राखी गौतम ने भी उचित कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, बता दें कि 2 दिन पहले ही राजस्थान में एक पीर तीर्थ स्थल के पास श्रद्धालुओं पर बस चढ़ने से 4 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
(रिपोर्ट- दिनेश कश्यप)
यह भी पढ़ें-
एक ही चिता पर नेवी जवान और पत्नी का हुआ अंतिम संस्कार, दोनों बच्चों को दफनाया गया