1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. सचिन पायलट की वापसी पर बोले अशोक गहलोत, 'निकम्मा' वाले बयान पर साधी चुप्पी

सचिन पायलट की वापसी पर बोले अशोक गहलोत, 'निकम्मा' वाले बयान पर साधी चुप्पी

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 11, 2020 11:41 am IST,  Updated : Aug 12, 2020 11:30 am IST

राजस्थान कांग्रेस के बागी नेता सचिन पायलट की पार्टी में वापसी को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि हालाकमान का फैसला मंजूर है। पार्टी में शांति, भाईचारा बना रहेगा। राजस्थान में कांग्रेस एकजुट रहेगी।

सचिन पायलट की वापसी पर बोले अशोक गहलोत, 'निकम्मा' वाले बयान पर साधी चुप्पी- India TV Hindi
सचिन पायलट की वापसी पर बोले अशोक गहलोत, 'निकम्मा' वाले बयान पर साधी चुप्पी Image Source : FILE PHOTO, PTI

जयपुर: राजस्थान कांग्रेस के बागी नेता सचिन पायलट की पार्टी में वापसी को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि आलाकमान का फैसला मंजूर है। पार्टी में शांति, भाईचारा बना रहेगा। राजस्थान में कांग्रेस एकजुट रहेगी। हालांकि, इस दौरान वह सचिन पायलट को निकम्मा कहने वाले अपने बयान पर कुछ नहीं बोले। इस बारे में पूछने पर उन्होंने चुप्पी साध ली। बता दें कि उन्होंने राजस्थान में सियासी उठापट के बीच सचिन पायलट को नकारा-निकम्मा कहा था।

फिलहाल, कांग्रेस पार्टी सचिन पायलट की शिकायतों को खत्म करने की कोशिश में लगी है। इसके लिए कांग्रेस ने तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। इस कमेटी में प्रियंका गांधी वाड्रा, वरिष्ठ नेता अहमद पटेल और केसी वेणुगोपाल को रखा गया है। पायलट ने सोमवार को राहुल गांधी से मुलाकात की थी, जिसके बाद यह फैसला लिया गया है। पार्टी ने कहा कि दोनों नेताओं ने एक स्पष्ट, खुली और निर्णायक चर्चा की।

पार्टी महासचिव (संगठन) के. सी. वेणुगोपाल ने एक बयान में कहा, "इस बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने फैसला किया है कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी पायलट एवं अन्य नाराज विधायकों की ओर से उठाए गए मुद्दों के निदान एवं उचित समाधान तक पहुंचने के लिए तीन सदस्यीय कमेटी का गठन करेगी।" 

उन्होंने कहा, "सचिन पायलट ने राहुल गांधी जी से मुलाकात की और उन्हें विस्तार से अपनी चिंताओं से अवगत कराया। दोंनों के बीच स्पष्ट, खुली और निर्णायक बातचीत हुई।" उनके मुताबिक, पायलट ने कांग्रेस पार्टी और राजस्थान में कांग्रेस सरकार के हित में काम करने की प्रतिबद्धता जताई है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।