पाकिस्तान की ओर से जारी हमलों की नाकाम कोशिशों के बीच राजस्थान के बॉर्डर वाले जिलों में हलचल तेज है। इस बीच, बाड़मेर में हाई रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौजूदा संवेदनशील स्थिति के मद्देनजर जिला मजिस्ट्रेट ने बाड़मेर जिले में कड़े प्रतिबंध लागू करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत सभी नागरिकों को तत्काल प्रभाव से अपने घरों में रहने का आदेश दिया गया है। बाजार बंद करने और सभी तरह की आवाजाही पर रोक लगाए जाने का आदेश दिया गया है।
घरों में रहने के आदेश, आवाजाही पर रोक
राजस्थान के सीमावर्ती जिलें- बाड़मेर और जैसलमेर में तनावपूर्ण स्थिति है। दोनों जिलों में कल फिर ड्रोन दिखाई दिए। बाड़मेर के आसमान में विमान और ड्रोन जैसी चीजें देखी गईं। शहर पूरी तरह ब्लैकआउट रहा। सायरन के साथ तेज धमाकों की आवाज सुनी जा रही थी। पुलिस मुवमेंट भी तेज हो गया है। पूरे शहर में पहले से ही रेड अलर्ट जारी किया गया है।
बाड़मेर जिला कलेक्टर टीना डाबी ने अलर्ट जारी करते हुए सभी लोगों को तुरंत घरों के अंदर जाने का आदेश दिया है। बाड़मेर जिला प्रशासन ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि जो जहां है, वहीं रहें। कोई भी आवाजाही ना करें। आमजन किसी भी तरह का पैनिक ना करें। यह कंप्लीट ब्लैकआउट है।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद अलर्ट पर बॉर्डर राज्य
बता दें कि 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान पर 06-07 मई की रात एयरस्ट्राइक की थी। भारत ने पाकिस्तान और पीओके में आतंकवादियों के 9 ठिकानों को ध्वस्त कर दिया था। इसमें करीब 100 आतंकवादी मारे गए। भारत ने इस स्ट्राइक को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद का एक्शन बताया। भारत ने कहा कि इस हमले में पाकिस्तान के किसी भी सैन्य ठिकाने को निशाना नहीं बनाया गया और न ही किसी आम नागरिक को इससे क्षति पहुंची है। इस ऑपरेशन सिंदूर नाम दिया गया। ऑपरेशन सिंदूर के लॉन्च के बाद पाकिस्तान, भारत पर लगातार हमले की कोशिश कर रहा है। एहतियातन बॉर्डर राज्यों में सभी तरह के सुरक्षा अलर्ट का पालन किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें-
दिल्ली के बाद एम्स भुवनेश्वर ने लिया फैसला, डॉक्टरों सहति सभी कर्मचारियों की छुट्टियां की रद्द
अवैध प्रवासी छोड़ दें अमेरिका, डोनाल्ड ट्रंप ने की 'स्व-निर्वासन' कार्यक्रम की शुरुआत