1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. डूंगरपुर में नदी नहाने गए 6 लोग डूबे, 2 बच्चों को बचाया, 4 की मौत, सभी एक ही परिवार के थे

डूंगरपुर में नदी नहाने गए 6 लोग डूबे, 2 बच्चों को बचाया, 4 की मौत, सभी एक ही परिवार के थे

 Published : Jul 12, 2026 07:02 pm IST,  Updated : Jul 12, 2026 07:46 pm IST

नदी में कुल छह लोग डूबे थे, जिनमें तीन नाबालिग भी शामिल थे। इनमें से दो नाबालिग बच्चों को बचा लिया गया, लेकिन एक किशोरी की मौत हो गई। तीन अन्य युवक-युवतिओं की डूबने से मौत हुई है।

Rescue Operation- India TV Hindi
बारिश के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन में लगे लोग Image Source : REPORTER INPUT

राजस्थान के डूंगरपुर जिले में नदी में नहाने गए चार लोगों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में एक युवक, दो युवतियां और एक 15 साल की लड़की शामिल है। इनके साथ दो लड़के भी डूबे थे, जिन्हें समय रहते बचा लिया गया। घटना धंबोला थाना क्षेत्र की है। यहां लिखी बड़ी गांव में रविवार सुबह खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। ​नदी पर नहाने गए छह बच्चों में से चार की डूबने से मौत हो गई है। नदी में डूबने से चार जिंदगियां हमेशा-हमेशा के लिए खामोश हो गईं।

मिली जानकारी के अनुसार लिखी बड़ी गांव के रहने वाले बच्चे और उनके घर आए कुछ मेहमान आज सुबह नदी पर नहाने गए थे, लेकिन किसे पता था कि ये मौज-मस्ती चंद मिनटों में काल के गाल में समा जाएगी। नहाते समय  गहरे पानी होने की वजह से बच्चे डूबने लगे। जानकारी के अनुसार तीन सगे भाई-बहन समेत 6 बच्चे एनीकट में नहाने गए थे। अचानक पानी में फंस जाने से सभी डूब गए। ग्रामीणों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और 2 बच्चों को समय रहते बचा लिया। बाकी 4 बच्चों के शव पुलिस और ग्रामीणों की मदद से निकाले गए। शवों को सीमलवाड़ा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

 

चार लोगों की डूबने से मौत

हादसे में लिखी बड़ी निवासी 15 साल की इशिता, 20 साल का प्रतीक और 24 साल की हिना डामोर की डूबने से मौत हो गई। वहीं, इनके घर गुजरात के पालनपुर से मेहमान आई 20 साल की रोनक परमार की भी पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई है। एक ही परिवार और रिश्तेदारों में चार मौतों से पूरे इलाके में कोहराम मच गया। इस हादसे में दो बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया है। पालनपुर, गुजरात के रहने वाले 15 वर्षीय राजवीर और मेहसाणा, गुजरात के 11 वर्षीय जयसिंह को मौके पर सूझबूझ दिखाते हुए डूबने से बचा लिया गया, जो पूरी तरह सुरक्षित हैं।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही धंबोला थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। चारों मृतकों के शवों को सीएचसी सीमलवाड़ा की मोर्चरी में शिफ्ट कराया गया है। फिलहाल मौके पर भारी पुलिस जाब्ता तैनात है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है। ​इस दुखद घटना ने एक बार फिर हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।

(डूंगरपुर से राजा सोनी की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

मेरठ में दर्दनाक हादसा, 10 फीट गहरे पानी से भरे रेलवे अंडरपास में डूबा तांगा, चालक और घोड़े की मौके पर ही मौत!

दहिसर में तैरने गए 2 कॉलेज छात्रों की डूबने से मौत, मच गया हड़कंप

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।