1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. चुनाव आयोग का तीन दिवसीय राजस्थान दौरा, तैयारियों का लेगा जायजा- ये है पूरा कार्यक्रम

चुनाव आयोग का तीन दिवसीय राजस्थान दौरा, तैयारियों का लेगा जायजा- ये है पूरा कार्यक्रम

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Sep 29, 2023 11:49 am IST,  Updated : Sep 29, 2023 11:49 am IST

चुनाव आयोग की टीम आज से राजस्थान के तीन दिवसीय दौरे पर है। इस दौरान चुनाव आयोग की टीम अधिकारियों के साथ बैठक करेगी और विधानसभा चुनावों की तैयारियों का जायजा लेगी।

चुनाव आयोग की टीम का राजस्थान दौरा- India TV Hindi
चुनाव आयोग की टीम का राजस्थान दौरा Image Source : IANS

इस साल के अंत में पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम विधानसभा चुनाव की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। सियासी पार्टियों ने अपने-अपने चुनावी अभियान को धार देने के साथ-साथ उम्मीदवारों की लिस्ट जारी करना भी शुरू कर दी हैं। इस बीच, चुनाव आयोग की टीम शुक्रवार को राजस्थान के तीन दिवसीय दौरे पर जा रही है। इस दौरान चुनाव आयोग की टीम अधिकारियों के साथ बैठक करेगी और दिसंबर में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों का जायजा लेगी। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार, चुनाव आयुक्त अनूप चंद्र पांडे और अरुण गोयल जयपुर में रहेंगे।

दलों के प्रतिनिधियों के साथ करेंगे बैठक

राजस्थान के मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार को चुनाव आयोग और अन्य वरिष्ठ अधिकारी जयपुर में मान्यताप्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद आयोग विधानसभा चुनाव 2023 को लेकर राज्य पुलिस, आयकर, उत्पाद शुल्क, परिवहन, वाणिज्यिक कर विभाग, राज्य अग्रणी बैंक के समन्वयक, रेलवे और एयरपोर्ट के नोडल अधिकारियों आदि प्रवर्तन एजेंसियों के साथ चर्चा करेगा।

चुनाव से जुड़े अधिकारियों के साथ मीटिंग

प्रवीण गुप्ता ने बताया कि 30 सितंबर को मुख्य चुनाव आयुक्त के समक्ष मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राज्य पुलिस नोडल अधिकारी और केंद्रीय पुलिस बल के नोडल अधिकारियों की ओर से तैयारियों से संबंधित प्रेजेंटेशन दिया जाएगा। इसके बाद चुनाव पूर्व तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारियों, पुलिस महानिरीक्षकों, जिला पुलिस अधीक्षकों और चुनाव से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।

उपचुनाव आयुक्त भी रहेंगे मौजूद

उन्होंने कहा कि दौरे के आखिरी दिन 1 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त, आयुक्त मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक के साथ बैठक में विधानसभा आम चुनाव-2023 की तैयारियों की समीक्षा करेंगे और मीडिया को भी संबोधित करेंगे। तीन दिवसीय दौरे के दौरान उपचुनाव आयुक्त भी मौजूद रहेंगे।

- IANS इनपुट के साथ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।