1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान में पंचायत चुनाव के लिए फाइनल वोटर्स लिस्ट जारी, चार करोड़ से ज्यादा हैं मतदाता, जानिए कब होगा इलेक्शन

राजस्थान में पंचायत चुनाव के लिए फाइनल वोटर्स लिस्ट जारी, चार करोड़ से ज्यादा हैं मतदाता, जानिए कब होगा इलेक्शन

 Edited By: Kajal Kumari @lallkajal
 Published : Feb 26, 2026 09:00 am IST,  Updated : Feb 26, 2026 09:02 am IST

राजस्थान में पंचायती राज चुनाव के लिए मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है जिसमें कुल चार करोड़ से अधिक मतदाता हैं जो मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जानें प्रदेश में पंचायत चुनाव कब होंगे?

राजस्थान पंचायत चुनाव- India TV Hindi
राजस्थान पंचायत चुनाव Image Source : STATE ELECTION COMMISSION, RAJASTHAN

राजस्थान में पंचायत चुनाव मार्च में होंगे, फिलहाल इसके तारीखों की घोषणा नहीं की गई है। तारीखों का ऐलान जल्द ही हो सकता है। इससे पहले राजस्थान में होने वाले पंचाय चुनाव की फाइनल मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। इस मतदाता सूची में चार करोड़ से अधिक मतदाता हैं, जो इस बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव से संबंधित अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। बता दें कि इस बार के राजस्थान पंचायत चुनाव में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। इस बार पंच-सरपंच का चुनाव बैलेट पेपर से होगा तो वहीं जिला परिषद व पंचायत समिति चुनाव के लिए वोटिंग ईवीएम से होगी। 

चार करोड़ से अधिक मतदाता 

राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने बताया कि पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव के लिए अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची में कुल 4,02,20,734 मतदाता हैं, जिनमें 2,08,62,380 पुरुष, 1,93,58,147 महिलाएं तथा 207 अन्य मतदाता हैं। उन्होंने बताया कि प्रारूप प्रकाशन के पश्चात अंतिम प्रकाशन तक मतदाताओं की संख्या में 5,73,568 की शुद्ध वृद्धि हुई है, जो कुल मतदाताओं का लगभग 1.45 प्रतिशत है।

किस जिले में बढ़ी मतदाताओं की संख्या

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि मतदाताओं की प्रतिशत वृद्धि के आधार पर बांसवाड़ा जिले में सर्वाधिक 4.55 प्रतिशत तथा फलोदी जिले में 4.46 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है। टोंक जिले में मतदाताओं की संख्या में न्यूनतम 0.04 प्रतिशत एवं श्रीगंगानगर जिले में 0.19 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन 29 जनवरी 2026 को किया गया था तथा प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के नियमानुसार निराकरण के पश्चात आज अंतिम प्रकाशन किया गया है। सिंह ने स्पष्ट किया कि जिन लोगों की आयु एक जनवरी 2026 को 18 साल पूरी नहीं हुई थी उन्हें मतदाता सूची में शामिल नहीं किया गया है। जयपुर में मतदाताओं की संख्या 18 लाख के अधिक बताई जा रही है।
 

राजस्थान में कब होंगे पंचायत चुनाव
मिली जानकारी के अनुसार 41 जिला परिषद और 457 पंचायत समितियों, 14 हजार 403 ग्राम पंचायतों में चुनाव अगले महीने यानी मार्च में हो सकते है। बता दें कि राजस्थान हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट ने राजस्थान में पंचायत चुनाव 15 अप्रैल 2026 तक संपन्न कराने की समय सीमा तय की है। इस तरह से मार्च के दूसरे सप्ताह तक राज्य निर्वाचन आयोग चुनावों की तिथि जारी कर सकता है। फाइनल वोटर्स लिस्ट आने के बाद माना जा रहा है कि जल्द ही चुनावों की तारीखों का ऐलान हो जाएगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।