1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. डिवाइडर से टकराकर पलटी कार, देखते ही देखते भिड़ गए 4 वाहन, CCTV फुटेज आया सामने

डिवाइडर से टकराकर पलटी कार, देखते ही देखते भिड़ गए 4 वाहन, CCTV फुटेज आया सामने

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Jun 23, 2026 06:10 pm IST,  Updated : Jun 23, 2026 06:10 pm IST

झुंझुनूं के बलवंतपुरा रेलवे फाटक के पास एक कार डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। इसी समय दूसरी तरफ से आ रही अन्य कार उससे टकरा गई और आगे जाकर उसने कई अन्य वाहनों को टक्कर मार दी। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

डिवाइडर से टकराकर पलटी कार।- India TV Hindi
डिवाइडर से टकराकर पलटी कार। Image Source : REPORTER INPUT

झुंझुनूं-नवलगढ़ मार्ग पर स्थित बलवंतपुरा रेलवे फाटक के पास मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। ट्रक से बचने के प्रयास में एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और दूसरी लेन में पलट गई। इसके बाद पीछे से आ रही दूसरी कार उससे जा टकराई और फिर यह टक्कर चार वाहनों की चेन दुर्घटना में बदल गई। हादसे में एक महिला सहित तीन लोग घायल हुए हैं। राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह सड़क पर सामान्य यातायात चल रहा था। इसी दौरान झुंझुनूं की ओर से आ रही एक  कार के सामने चैलासी की तरफ से अचानक एक ट्रक आ गया। ट्रक को सामने देखकर कार चालक ने टक्कर से बचने के लिए वाहन को तेजी से साइड में लेने का प्रयास किया, लेकिन कार का संतुलन बिगड़ गया।

डिवाइडर पर चढ़ते ही पलटी कार

तेज रफ्तार में चल रही कार डिवाइडर पर चढ़ गई और उछलकर दूसरी लेन में पलट गई। सड़क पर कार को पलटता देख वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इससे पहले कि चालक और यात्री संभल पाते, तभी पीछे से आ रही एक अन्य कार ने पलटी हुई कार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दूसरी कार भी नियंत्रण खो बैठी और आगे खड़े दो अन्य वाहनों से टकरा गई।

महिला समेत तीन घायल

हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। दुर्घटना में एक महिला सहित तीन लोगों को मामूली चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायल खतरे से बाहर हैं।

CCTV फुटेज आया सामने

इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसने दुर्घटना की भयावहता को उजागर कर दिया है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि कार ट्रक से बचने के प्रयास में डिवाइडर पर चढ़ती है, फिर दूसरी लेन में पलट जाती है। इसके कुछ ही सेकंड बाद पीछे से आ रही कार उससे टकरा जाती है और हादसा चार वाहनों की चेन दुर्घटना में बदल जाता है।

पुलिस ने यातायात कराया सुचारू

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था संभाली। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई थी, जिसे पुलिस ने वाहनों को हटवाकर सामान्य कराया। (इनपुट- अमित शर्मा)

यह भी पढ़ें-

ताश के पत्तों की तरह गिर गया पुल, ऊपर से गुजर रहा था डंपर; हादसे का CCTV फुटेज आया सामने

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।