1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. 'पुलिस हमारी जेब में है', चायवाले को होमगार्ड के बेटे ने बुरी तरह पीटा, दुकान तोड़ी, पैसे भी लूटे

'पुलिस हमारी जेब में है', चायवाले को होमगार्ड के बेटे ने बुरी तरह पीटा, दुकान तोड़ी, पैसे भी लूटे

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Sep 24, 2025 06:31 pm IST,  Updated : Sep 24, 2025 06:34 pm IST

राजस्थान के जालौर में होमगार्ड के बेटे ने चाय के दुकानदार की जमकर पिटाई कर दी और दुकान में तोड़फोड़ की। आरोपी ने दुकान में रखे पैसे भी लूट लिए।

 चायवाले को होमगार्ड के बेटे ने बुरी तरह पीटा- India TV Hindi
चायवाले को होमगार्ड के बेटे ने बुरी तरह पीटा Image Source : REPORTER INPUT

जालौर: राजस्थान के जालौर जिले में चाय के रुपए मांगने पर होमगार्ड जवान के बेटे ने होटल संचालक पर लाठियों से हमला कर दिया। इस दौरान दुकान में तोड़फोड़ की और गल्ले से 25 हजार रुपये लूट लिए। आरोपी ने धमकी देते हुए कहा कि पुलिस हमारी जेब में है, जा बुला ले, घटना का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

पैसे मांगने पर साथियों के साथ पीटा

जालौर शहर के रूपनगर बाईपास पर स्थित चाय-नाश्ते की होटल पर मंगलवार रात एक गंभीर घटना घटी। एफसीआई कॉलोनी निवासी गोकुल कुमार ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि रात करीब 7 बजे उसके भाई दिनेश और पिता भवरलाल होटल पर काम कर रहे थे, तभी हितेश कुमार, उसके पिता मोहनलाल (जो होमगार्ड जवान है) और दो अन्य युवक वहां आए। उन्होंने 4 चाय और सिगरेट ली। जब पैसे मांगे गए तो मोहनलाल ने अपने होमगार्ड होने का रौब दिखाया और कहा कि पुलिस पैसे लेती है, देती नहीं, तू मुझसे रुपए मांगने की औकात कैसे रखता है। इसके बाद चारों ने गोकुल पर हमला किया, बीच बचाव करने आए परिवारजनों ने किसी तरह छुड़ाया और पुलिस को सूचना दी।

दुकान में तोड़फोड़ और लूट लिए पैसे

पहली बार मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों में समझाइश कर मामला शांत कराया और आरोपियों को भेज दिया। लेकिन कुछ देर बाद रात करीब 8:30 बजे सभी आरोपी हथियारों—कुल्हाड़ी, सरिया और डंडे लेकर फिर लौटे और दुकान पर हमला बोल दिया। उन्होंने गोकुल, उसके भाई दिनेश और पिता भवरलाल को बेरहमी से पीटा, होटल का सामान बिखेर दिया और गल्ले से 25 हजार रुपए लूट लिए। इस दौरान आरोपियों ने धमकाते हुए कहा कि पुलिस हमारी जेब में है, अब जाकर पुलिस बुला ले।

वीडियो देखें

आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

घटना का वीडियो सामने आने के बाद कोतवाली पुलिस हरकत में आई। सूचना पर पहुंची टीम ने एक आरोपी हितेश कुमार को पकड़ लिया और शांतिभंग में गिरफ्तार किया। बाद में पीड़ित पक्ष ने रिपोर्ट दी जिस पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। कोतवाली थाने के एसएचओ अरविंद कुमार ने बताया कि प्रकरण में कार्रवाई की जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

रिपोर्ट- हीरालाल, जालौर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।