1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. Independence Day 2022: स्वतंत्रता सेनानियों के घर पहुंचे राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, शॉल ओढ़ाकर किया सम्मानित

Independence Day 2022: स्वतंत्रता सेनानियों के घर पहुंचे राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, शॉल ओढ़ाकर किया सम्मानित

 Written By: Shashi Rai
 Published : Aug 15, 2022 08:06 am IST,  Updated : Aug 15, 2022 08:10 am IST

Independence Day 2022: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देश की आजादी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के घर पहुंचे और उन्हें कच्चे सूत की माला पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।

Ashok Gehlot reached the house of freedom fighters- India TV Hindi
Ashok Gehlot reached the house of freedom fighters Image Source : TWITTER/@ASHOKGEHLOT51

Highlights

  • स्वतंत्रता सेनानियों के घर पहुंचे राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत
  • उन्हें कच्चे सूत की माला पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया

Independence Day 2022: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देश की आजादी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के घर पहुंचे और उन्हें कच्चे सूत की माला पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। गहलोत सबसे पहले मानसरोवर के दादूदयाल नगर स्थित स्वतंत्रता सेनानी रामू सैनी के घर पहुंचे और उनका सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने सैनी के साथ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र के आगे दीप प्रज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की तथा ध्वजारोहण किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने निवारू रोड पर गणेश नगर स्थित स्वतंत्रता सेनानी उमराव सिंह के घर पहुंचकर उनसे मुलाकात की और उन्हें माला व शॉल पहनाकर तथा श्रीफल भेंट कर उनका सम्मान किया। गहलोत ने उनके आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धासुमन अर्पित किया  

इसी तरह गहलोत सी-स्कीम स्थित स्वतंत्रता सेनानी सुभद्र कुमार पाटनी के यहां भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में इन स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। इन्होंने अपनी जवानी में स्वतंत्रता संग्राम में भाग लिया और आजादी की लड़ाई लड़ी। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में शहीद हुए स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि उनकी बदौलत ही हम आज आजादी की हवा में सांस ले रहे हैं।

सीएम का लोगों ने तिरंगा फहराकर स्वागत किया

उन्होंने कहा कि हमारा कर्तव्य है कि आजादी की लड़ाई में योगदान देने वाले जो स्वतंत्रता सेनानी आज भी जीवित हैं, हम उनके घर पहुंचकर उनका सम्मान करें। मुख्यमंत्री ने इस दौरान स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारजनों से मिलकर उनकी कुशलक्षेम पूछी। स्थानीय लोगों ने जगह-जगह पर मुख्यमंत्री का तिरंगा फहराकर तथा मालाएं पहनाकर स्वागत किया तथा मुख्यमंत्री ने लोगों से मिलकर उनका अभिवादन स्वीकार किया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।