1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. झुंझुनूं में करोड़ों का ATM कैश घोटाला, कैश वैन में चाबियां छोड़ फरार हुए 2 कर्मचारी, बैंकों में हड़कंप

झुंझुनूं में करोड़ों का ATM कैश घोटाला, कैश वैन में चाबियां छोड़ फरार हुए 2 कर्मचारी, बैंकों में हड़कंप

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Jul 01, 2026 03:44 pm IST,  Updated : Jul 01, 2026 03:44 pm IST

झुंझुनूं जिले में ATM में कैश भरने वाली सीएमएस कंपनी से जुड़ा बड़ा कैश घोटाला सामने आया है। कंपनी के कर्मचारी सुमेर सिंह और संदीप सिंह शनिवार को अचानक लापता हो गए। दोनों एटीएम में कैश भरने का काम करते थे।

झुंझुनूं में एटीएम...- India TV Hindi
झुंझुनूं में एटीएम कैश घोटाला। Image Source : REPORTER INPUT

राजस्थान के झुंझुनूं जिले में ATM कैश मैनेजमेंट से जुड़ा एक बड़ा घोटाला सामने आने के बाद बैंकिंग क्षेत्र और सीएमएस कंपनी में हड़कंप मच गया है। ATM में नकदी भरने वाली कंपनी सीएमएस के 2 कर्मचारी संदिग्ध परिस्थितियों में फरार हो गए हैं। प्रारंभिक ऑडिट में 17 एटीएम से 83 लाख रुपये से ज्यादा की नकदी गायब मिली है, जबकि शेष ATM की जांच पूरी होने के बाद गबन की राशि एक करोड़ रुपये से भी अधिक होने की आशंका जताई जा रही है।

कैश वैन में एटीएम की चाबियां छोड़कर फरार हुए कर्मचारी

जानकारी के अनुसार सीएमएस कंपनी झुंझुनूं, पिलानी और चिड़ावा क्षेत्र के विभिन्न बैंकों के एटीएम में नकदी भरने का कार्य करती है। कंपनी के कर्मचारी सुमेर सिंह और संदीप सिंह पिछले करीब एक वर्ष से इस जिम्मेदारी को निभा रहे थे। शनिवार को दोनों कर्मचारी अचानक लापता हो गए। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि दोनों कैश वैन में सभी एटीएम की चाबियां छोड़कर फरार हो गए, जिससे कंपनी अधिकारियों को तत्काल गड़बड़ी की आशंका हुई।

आंतरिक ऑडिट में खुला राज

दोनों कर्मचारियों का कोई सुराग नहीं मिलने पर कंपनी ने उनके जिम्मे रहे सभी एटीएम की आंतरिक ऑडिट शुरू कराई। देर रात तक पिलानी और चिड़ावा क्षेत्र की 17 एटीएम मशीनों की जांच पूरी की गई, जिसमें 83 लाख रुपये से अधिक की नकदी कम पाई गई। शुरुआती जांच में केवल पिलानी क्षेत्र की एक एटीएम साइट पर लगी दो मशीनों से ही करीब 38 लाख रुपये का कैश गायब मिला है।

आरोपी कर्मचारी।
Image Source : REPORTER INPUTआरोपी कर्मचारी।

1 करोड़ के पार गबन की राशि!

कंपनी के जिम्मे कुल 28 एटीएम मशीनें थीं। इनमें से शेष मशीनों, विशेषकर झुंझुनूं शहर की तीन एटीएम मशीनों की ऑडिट जारी है। कंपनी अधिकारियों का मानना है कि पूरी जांच के बाद गबन की कुल राशि एक करोड़ रुपये से काफी अधिक हो सकती है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमएस कंपनी के सीकर शाखा प्रबंधक गौरव सिंह सोलंकी ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह राजावत से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। वहीं पिलानी थाने में दोनों कर्मचारियों के खिलाफ लिखित शिकायत भी दी गई है। पुलिस ने कंपनी से अंतिम ऑडिट रिपोर्ट और कुल गबन की राशि उपलब्ध कराने को कहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला

यह झुंझुनूं में इस तरह का पहला मामला नहीं है। इससे पहले वर्ष 2016 में भी एटीएम कैश वैन से जुड़े कर्मचारी लाखों रुपये और कैश वैन लेकर फरार हो गए थे। करीब एक दशक बाद सामने आए इस नए मामले ने एक बार फिर एटीएम कैश मैनेजमेंट सिस्टम की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल सीएमएस कंपनी की टीमें सभी 28 एटीएम मशीनों का मिलान करने में जुटी हुई हैं। अंतिम ऑडिट रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि कुल कितनी राशि का गबन हुआ है। वहीं पुलिस रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर फरार कर्मचारियों की तलाश शुरू करेगी। जिले में सामने आया यह मामला हाल के वर्षों के सबसे बड़े एटीएम कैश घोटालों में शामिल हो सकता है।

(रिपोर्ट- अमित शर्मा)

यह भी पढ़ें-

राम मंदिर चंदा चोरी कैसे हुई? कैश और ज्वेलरी चुराने की क्या थी तकनीक, जानें कैसे हुआ खुलासा

जबलपुर में फर्जी ATM के जरिए काली कमाई का खेल खत्म, 1 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बताया पूरा मामला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।