1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. बेटी की शादी से पहले ही मातम में बदलीं खुशियां, ट्रेन की चपेट में आने से पिता की मौत, 100 मीटर तक घसीटा

बेटी की शादी से पहले ही मातम में बदलीं खुशियां, ट्रेन की चपेट में आने से पिता की मौत, 100 मीटर तक घसीटा

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Oct 28, 2025 11:53 pm IST,  Updated : Oct 28, 2025 11:53 pm IST

राजस्थान के झुंझुनूं जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई। यहां बेटी की शादी से पहले पिता की मौत हो गई। पिता एक ट्रेन की चपेट में आ गए, जो उन्हें 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गई।

Jhunjhunu- India TV Hindi
मृतक पिता Image Source : REPORTER INPUT

झुंझुनूं: राजस्थान के झुंझुनूं जिले के चिड़ावा शहर से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक घर की खुशियां पलभर में ही मातम में बदल गई हैं। बेटी की शादी से महज 4 दिन पहले यानी मंगलवार (28 अक्टूबर) को ट्रेन की चपेट में आने से पिता की मौत हो गई। ये हादसा इतना भयानक था कि पिता को ट्रेन 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गई।

क्या है पूरा मामला?

झुंझुनूं जिले के चिड़ावा शहर में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। रेलवे फाटक के पास दिल्ली-जयपुर रूट पर चलने वाली सैनिक एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से सुरेश सैनी निवासी डालमिया की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब सैनिक एक्सप्रेस ट्रेन खेतड़ी रोड रेलवे फाटक के पास पहुंची, तभी सुरेश अचानक फाटक के नीचे से निकलकर ट्रेन के सामने आ गया। ट्रेन सुरेश को लगभग 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गई।

घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं, मचा हड़कंप

मृतक सुरेश सैनी खेती-बाड़ी का कार्य करता था। परिवार में एक बेटा और एक बेटी है। सबसे दुखद यह है कि आने वाली 2 नवंबर को बेटी की शादी तय थी, लेकिन हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। 

घर में शादी का टेंट लग चुका था। हलवाई मिठाई बनाने आ चुके थे। घर में विवाह पूर्व के रीति-रिवाज की रस्में निभाई जा रही थी। हादसे की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही चिड़ावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेलवे ट्रैक से शव को हटाकर चिड़ावा उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। वहीं पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

इस घटना को सुनने के बाद हर कोई इमोशनल है और घटना पर अफसोस जता रहा है। (इनपुट: झुंझुनूं से अमित शर्मा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।